शादी के 9 साल बाद टीवी कपल आमिर अली - संजीदा शेख का तलाक, संजीदा को मिली 2 साल की बेटी की कस्टडी
मशहूर टीवी कपल आमिर अली और संजीदा शेख ने शादी के 9 साल बाद तलाक ले लिया है। उनकी दो साल की बेटी आयरा की कस्टडी, संजीदा को मिली है। गौरतलब है कि आमिर और संजीदा के अलगाव की खबरें पिछले साल लॉकडाउन में बाहर आई थीं जब दोनों ने अपनी बेटी के साथ अलग अलग तस्वीरें डालना शुरू किया।
इसके बाद रिपोर्ट्स थीं कि आमिर और संजीदा अपनी बेटी के जन्म के बाद से ही अलग अलग रह रहे हैं। उनकी बेटी आयरा अब दो साल की हो चुकी है। जब से आमिर और संजीदा अलग रह रहे हैं, तब से आयरा कभी माता तो कभी पिता के साथ रहती है।

सूत्रों की मानें तो आमिर और संजीदा के तलाक को 9 महीने हो चुके हैं। ये खबर केवल अब सार्वजनिक हो रही है। हालांकि, आमिर और संजीदा, दोनों ने ही अभी तक इस बात पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

नहीं देंगे कोई आधिकारिक बयान
आमिर अली और संजीदा शेख, दोनों ही अपने निजी जीवन को बेहद सुरक्षित रखते हैं और माना जा रहा है कि दोनों में से कोई भी इन तलाक की खबरों की पुष्टि नहीं करेगा। इस तलाक को अब काफी समय हो चुका है और उससे पहले भी दोनों काफी समय से अलग रह रहे थे। दोनों ही अपने निजी जीवन में आगे बढ़ चुके हैं।

सात साल किया डेट
आमिर और संजीदा के रिश्ते की शुरूआत हुई थी दोस्ती के साथ। दोनों की दोस्ती धीरे धीरे आगे बढ़ी। हालांकि, एक इंटरव्यू में आमिर ने बताया कि वो शादी के ख्याल से भी डरते थे। दोनों ने सात साल एक दूसरे को डेट किया लेकिन इस दौरान किसी को भनक तक नहीं लग पाई थी कि वो दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों ने 2012 में निकाह किया जिसकी बेहद खूबसूरत तस्वीरें इंटरनेट पर मौजूद है।

नच बलिए में किया खुलासा
2007 में आमिर और संजीदा ने एक कपल के तौर पर नच बलिए सीज़न 3 में भाग लिया और अपने रिश्ते पर आधिकारिक तौर से मुहर लगाई। इसके पहले दोनों एक साल से डेट कर रहे थे। नच बलिए जीतने के छह साल बाद दोनों ने शादी की। नच बलिए में इनकी केमिस्ट्री फैन्स ने काफी पसंद की थी। दोनों ने नच बलिए का ये सीज़न जीतने के लिए राखी सावंत और उनके बॉयफ्रेंड अभिषेक को टक्कर दी थी।

सरोगेसी से हुई बेटी
आमिर अली और संजीदा के रिश्ते में अनबन शुरू हुई 2019 के ही मध्य में। दोनों के अलग होने को लेकर कारण क्या था ये तो बाहर नहीं आया लेकिन खबरें है कि दोनों की बेटी का जन्म सरोगेसी से हुआ था और इसके तीन चार महीने बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास आने लगी। हालांकि, अनबन की रिपोर्ट्स पर दोनों ने कभी रिएक्ट नहीं किया।

अलग अलग शेयर की तस्वीरें
आयरा के एक साल की होने पर आमिर और संजीदा ने बेटी के साथ अपनी तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कीं। तभी इस कपल के अलगाव की खबरें बाहर आईं क्योंकि दोनों ने ही बेटी के साथ एक साथ कोई तस्वीर नहीं शेयर की थी। आमिर और संजीदा, दोनों के साथ आयरा अलग अलग रहती हैं।

दादी रखती हैं ख्याल
आमिर अली अक्सर, आयरा के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते हैं। इन तस्वीरों में आमिर की मां आयरा का ख्याल रखती दिख जाती हैं। आयरा भी अक्सर अपनी दादी के साथ वक्त बिताते दिखती हैं जिसकी झलक आमिर के इंस्टाग्राम पर दिख जाती है। अगर काम की बात करें तो आमिर अली, 2020 में वेब सीरीज़ ब्लैक विडोज़ में दिखाई दिए थे वहीं टीवी पर वो 2019 में नवरंगी रे नाम के सीरियल में दिखाई दिए थे जो बहुत ही जल्दी बंद हो गया था।

संजीदा के क्यूट वीडियो
संजीदा शेख अपनी बेटी आयरा के साथ बेहद क्यूट वीडियो शेयर करती रहती हैं। काम की बात करें तो 2017 में संजीदा शेख आखिरी बार स्टार प्लस के सीरियल लव का है इंतज़ार में कीथ सकीरा के अपोज़िट दिखाई दी थीं। वहीं वो वेब सीरीज़ गहराईयां में भी दिखाई दी थीं। इस हॉरर सीरीज़ में उनके अपोज़िट वत्सल सेठ में दिखाई दिए थे।
संजीदा और आमिर, टीवी के मशहूर और चर्चित नाम हैं। संजीदा शेख ने अपने करियर की शुरूआत 2003 में बागबान में एक छोटे से किरदार के साथ की थी। वहीं टीवी पर वो 2005 में बालाजी टेलीफिल्म्स के सीरियल क्या होगा निम्मो का में नज़र आईं और रातों रात सुपरस्टार बन गईं।
बात करें आमिर अली की तो आमिर के करियर की शुरूआत 2002 में ये क्या हो रहा है नाम की फिल्म के साथ की थी। इसके बाद 2005 में वो कहानी घर घर की में मुख्य किरदार के साथ टीवी पर नज़र आए। लेकिन स्टारडम मिला उन्हें राजश्री प्रोडक्शन्स के शो वो रहने वाली महलों की के साथ।


Click it and Unblock the Notifications











