राम चरण के घर में 11 साल बाद गूंजी किलकारी, चिरंजीवी बने दादा तो फैंस में दौड़ी खुशी की लहर

Ram Charan Wife Delivery: साउथ सिनेमा के मशहूर एक्टर और RRR के राम चरण और पत्नी उपासना कामिनेनी ने मंगलवार, 20 जून को एक बच्ची का स्वागत किया। कई समाचार रिपोर्टों के अनुसार, 33 वर्षीय उपासना ने मंगलवार सुबह हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में अपनी बेटी को जन्म दिया।
राम चरण के घर आई खुशखबरी
अस्पताल ने एक मेडिकल बुलेटिन में कहा- "सुश्री उपासना कामिनेनी कोनिडेला और श्री राम चरण की 20 जून 2023 को अपोलो अस्पताल जुबली हिल्स, हैदराबाद में एक बच्ची हुई। बच्चा और मां एकदम स्वस्थ हैं। "
11 साल बाद पहली संतान
डिलीवरी की खबर तेलुगू स्टार को अपनी पत्नी के साथ अस्पताल में देखे जाने के कुछ घंटे बाद आई। राम चरण के पिता सुपरस्टार चिरंजीवी के घर अभी से जश्न का दौर चल रहा है। शादी के 11 साल बाद राम चरण और उपासना की यह पहली संतान है। दंपति ने पहले राम चरण के माता-पिता के साथ शिफ्ट होने के अपने फैसले का खुलासा किया था।
डिलीवरी से पहले अपने सास-ससुर के साथ शिफ्ट हुईं उपासना
टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए, उपासना ने कहा था: "बहुत सारे कपल बच्चे होने पर बाहर चले जाते हैं, लेकिन हम ठीक इससे अलग कर रहे हैं। हम अपनी ये खुशियां साथ बांटना चाहते हैं और इसलिए हम राम के माता-पिता के साथ वापस जाने वाले हैं। हम दोनों ही एक ऐसे माहौल में पले-बढ़े हैं जहां हमारी परवरिश में दादा-दादी का अहम रोल रहा है। हम अपने बच्चे को उस खुशी से वंचित नहीं करना चाहते हैं। इसलिए, हमने राम के माता-पिता के साथ शिफ्ट होने और बच्चे को एक साथ पालने का फैसला लिया है। साथ ही, हम दोनों कामकाजी प्रोफेशनल हैं और उनका समर्थन होना बेहद जरूरी है।"
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उपासना कामिनेनी कोनिडेला अपोलो अस्पताल परिवार की सदस्य हैं और अनिल और शोभना कामिनेनी की बेटी हैं। वह अपोलो फाउंडेशन की वाइस चेयरपर्सन हैं। राम चरण का जन्म 27 मार्च 1985 को हुआ था और उनकी शादी 14 जून 2012 को उपासना से हुई थी। शादी के बाद से ही चिरंजीवी और उनका परिवार घर में किलकारी गूंजने का इंतजार कर रहा था। अब पूरे परिवार की मनोकामाना पूरी हो चुकी है और उनके घर लक्ष्मी आई है।


Click it and Unblock the Notifications