Tiku Weds Sheru Movie Review: नवाजुद्दीन सिद्दीकी की इस फीकी फिल्म में न्यूकमर अवनीत कौर करती हैं इंप्रेस

निर्देशक- साई कबीर
कलाकार- नवाजुद्दीन सिद्दीकी, अवनीत कौर, विपिन शर्मा, जाकिर हुसैन आदि
प्लेटफॉर्म- अमेज़न प्राइम वीडियो
ख्वाबों की नगरी मुंबई, फिल्म इंडस्ट्री में पांव जमाने के लिए तरसते चेहरे, चमक धमक वाली जिंदगी के पीछे की काली दुनिया, और जूनियर आर्टिस्टों की बेबसी; टीकू वेड्स शेरू में ये सब कुछ है, जिसे यदि गंभीरता से या गहराई से पर्दे पर उतारा जाता तो एक बेहतरीन फिल्म साबित हो सकती है। खासकर जब फिल्म की प्रोड्यूसर कंगना रनौत जैसी नायिका हों, जिन्होंने बाहर से आकर फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा नाम कमाया।
कहानी
टीकू वेड्स शेरू दो ऐसे लोगों की कहानी है, जो फिल्मों में "किसी भी तरह" एंट्री लेना चाहते हैं। वो बस एक मौके की तलाश में हैं। कहानी शुरु होती है शेरू (नवाजुद्दीन सिद्दीकी) की जिंदगी से, जो उन सैकड़ों आर्टिस्ट में से एक है जो मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में धक्का मुक्की के बीच जीने की कोशिश कर रहा है। सेट पर बड़े सितारों के पीछे एक्टिंग करता और डांस करता शेरू, चुपके से मुख्य हीरो के डायलॉग बोलता है। जो ख्वाब लेकर वो भोपाल से मुंबई आया था, वो अभी भी कहीं ना कहीं उसके अंदर जिंदा है। इसके अलावा वो ड्रग्स और लड़कियों को सप्लाई करने का भी धंधा करता है.. या यूं कर लें कि उसमें फंसा हुआ है। इसी बीच उसकी शादी हो जाती है टीकू (अवनीत कौर) से, जो एक 'सुपरस्टार' बनने की ख्वाहिश रखती है। अब मुंबई शहर और फिल्म इंडस्ट्री की जगमग दुनिया, इनके जीवन में क्या उथल पुथल लाती है और इनके ख्वाब पूरे होते हैं या नहीं.. पूरी कहानी इसी के इर्द गिर्द घूमती है।
निर्देशन
सच कहा जाए तो, पूरी फिल्म देखकर यही महसूस होता है कि काश इसके लेखक- निर्देशक दोनों किरदारों में छिपी क्षमता को देख पाते। लेकिन एक मजबूत विचार को कमजोर पटकथा में बदल दिया गया है। फिल्म का लेखन और निर्देशन बेहद कमजोर है। कॉमेडी सीन्स हंसाते नहीं हैं, इमोशनल सीन्स में आप भावुक नहीं होंगे, और व्यंग्य काफी औसत है। फिल्म की शुरुआत में ये दो मिसफिट लोगों के एक-दूसरे में पूर्णता खोजने की कहानी लगती है, लेकिन फिर इसे फिल्म माफिया और व्यक्तिगत संघर्ष जैसा मोड़ दिया गया है। यहां कहानी और किरदारों में कोई गहराई नहीं है।
अभिनय
अभिनय की बात करें तो नवाज़ अपने प्रदर्शन में ईमानदार हैं, लेकिन इसे उनकी सर्वश्रेष्ठ कामों में तो नहीं गिना जाएगा। इस कमजोर लिखे गए किरदार को किसी तरह वो औसत बनाकर चलते हैं। कुछ दृश्यों को उन्होंने अपने हाव भाव से मजबूती देने की कोशिश की है, लेकिन जाहिर तौर पर यहां विलेन कहानी है। नवाज के अपोजिट दिखी हैं अवनीत कौर, जिन्होंने इस फिल्म के साथ अपने बॉलीवुड सफर की शुरुआत की है। नवाज के साथ उनकी जोड़ी भले अटपटी लगती है, लेकिन अवनीत अपने अभिनय से प्रभावित करती हैं। निर्देशक ने अवनीत के हिस्से में कई सीन ऐसे डाले हैं, जहां उन्हें अपनी अभिनय क्षमता दिखाने का मौका मिला है और वो सफल भी रही हैं।
कुल मिलाकर, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अवनीत कौर स्टारर फिल्म 'टीकू वेड्स शेरू' अमेज़न प्राइम वीडियो पर आई एक औसत फिल्म है। फिल्म की सेटिंग अनूठी है, लेकिन कहानी बेहद फीकी। फिल्मीबीटी की ओर से 'टीकू वेड्स शेरू' को 2 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications












