The Ba**ds of Bollywood Review: आर्यन खान की सीरीज ने खोली बॉलीवुड की पोल, दमदार लगे बॉबी देओल

The Ba**ds of Bollywood Review: आखिरकार शाहरुख खान के बेटे ने बॉलीवुड की दुनिया में कदम रख लिया है। उन्होंने अपनी पिता क राह पर ना चलते हुए डायरेक्शन का रास्ता अपनाया है और उनकी पहली वेब सीरीज स्ट्रीमिंग के लिए नेटफ्लिक्स पर अवेलेबल है। आइए जानते हैं कि आपको ये सीरीज देखनी चाहिए या स्किप करनी चाहिए।
क्या है कहानी
आर्यन खान की डायरेक्शनल डेब्यू सीरीज 'The Ba**ds of Bollywood' एक आउटसाइडर की कहानी दिखाती है, जो इंडस्ट्री की चमक-दमक में अपना नाम बनाने निकलता है। पहले एपिसोड में आसमान सिंह (लक्ष्य लालवानी) की एंट्री एक खतरनाक स्टंट से होती है, जिसमें वो खुद ही हीरो होता है। वो स्टंट और फिल्म उसे रातों-रात स्टार बना देती है और उसकी पहली ही फिल्म 100 करोड़ का बिजनेस कर जाती है। लेकिन असली जीवन में आसमान अब भी स्ट्रगल कर रहा है। वह अपने चाचा अवतार सिंह (मनोज पाहवा), जो खुद कभी कामयाब नहीं हो पाए, के साथ रहता है।
कहानी आगे बढ़ती है बॉलीवुड की राजनीति, नेपोटिज्म, कैमियो और तंजों के बीच। करण जौहर से लेकर रणवीर सिंह और बॉबी देओल तक कई सितारे खुद पर ही मजाक करते नजर आते हैं। साथ ही, शो में बॉलीवुड के बड़े प्रोड्यूसर्स और ड्रग केस जैसे मुद्दों को भी दिखाया गया है।
कैसी है सीरीज?
पहला एपिसोड एनर्जी और कैमियो से भरा हुआ है। यह लगातार तेज रफ्तार से आगे बढ़ता है, जिसमें कभी पर्सनल ड्रामा, कभी बॉलीवुड जोक्स और कभी हल्के-फुल्के कॉमिक पल भी सामने आते हैं। हां, जो दर्शक फिल्मी गॉसिप्स से ज्यादा मतलब नहीं रखते हैं, उनके लिए कुछ पार्ट्स थोड़े कंफ्यूजिंग हो सकते हैं। शो में कई सीन काफी दिलचस्प है लेकिन VFX थोड़ा और बेहतर हो सकता था।
कैसी है एक्टिंग?
लक्ष्य लालवानी (आसमान सिंह) ने आउटसाइडर हीरो का रोल ईमानदारी से निभाया है, हालांकि कैरेक्टर को थोड़ा और अच्छे से लिखा जाता तो वो और भी कमाल का काम कर सकते थे। राघव जुयाल (परवेज) वो आसमान के दोस्त का रोल निभा रहे हैं, उनका रोल तो अच्छा है लेकिन कई-कई जगहों पर थोड़ा अधूरा सा है। आन्या सिंह सीरीज में आसमान सिंह की समझदार मैनेजर का रोल निभा रही हैं, लेकिन उनका किरदार बार-बार इग्नोर होता नजर आ सकता है। मनोज पाहवा आसमान सिंह के चाचा के रोल में सबसे मजेदार और रियल लगते हैं। बॉबी देओल (अजय तलवार) ने अच्छा काम किया है लेकिन सुपरस्टार वाला असर उतना गहरा नहीं दिखता।
कैसा है डायरेक्शन?
आर्यन खान ने डेब्यू के बावजूद काफी कॉन्फिडेंस दिखाया है। उन्होंने बॉलीवुड की पार्टीज, कॉन्ट्रैक्ट्स और नेपोटिज्म का मजाक उड़ाने की कोशिश की है। शो की रफ्तार तेज है और सेटिंग्स भी शानदार दिखती हैं। लेकिन सबसे बड़ी कमी टोनल बैलेंस की है, शो कई बार सिर्फ चमकदार मसाला लगता है, गहरे मुद्दों को सिर्फ छूकर आगे निकल जाता है, उस बारे में ज्यादा बात नहीं की जा रही है।
फाइनल रिव्यू
The Ba**ds of Bollywood एक एनर्जेटिक शुरुआत है, जिसमें गॉसिप, कैमियो और इनसाइड जोक्स की भरमार है। यह उन दर्शकों को मजा देगा जो बॉलीवुड की खबरें और कॉन्ट्रोवर्सीज को करीब से फॉलो करते हैं। लेकिन आम दर्शकों को इसमें गहराई कम और चमक ज्यादा लगेगी। फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से इस सीरीज को मिलते हैं- 3 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications