Tejas Movie Review: औसत कहानी के साथ, देशभक्ति में लिपटी कंगना रनौत स्टारर फिल्म

निर्देशक- सर्वेश मेवाड़ा
कलाकार- कंगना रनौत, वरुण मित्रा, अंशुल चौहान, आशीष विद्यार्थी आदि
"आतंकवाद दुनिया में सबके लिए पर्सनल होना चाहिए सर...तभी इसे खत्म किया जा सकता है", भारतीय वायु सेना की पायलट तेजस गिल (कंगना रनौत) कहती है। वह एक खास मिशन के लिए पाकिस्तान जाना चाहती है, जिसमें उसकी जान को भी खतरा है। लेकिन तेजस एक ऐसी फाइटर पायलट है, जो देश के लिए मुस्कुराते हुए अपनी जान भी न्योछावर कर सकती है।
कहानी
फिल्म की पहली फ्रेम से यह स्थापित कर दिया जाता है कि ये कहानी तेजस की है और सिर्फ तेजस की। बाकी सभी किरदार उसी के इर्द गिर्द घूमते हैं। तेजस गिल भारतीय वायुसेना की अधिकारी हैं, जो खतरनाक मिशन को अंजाम देने के लिए जानी जाती हैं। लिहाजा, जब यह घटना सामने आती है कि एक हिंदुस्तानी खूफिया एजेंट को पाकिस्तानी आतंकवादियों ने कैद में ले लिया है और जल्द ही उसकी हत्या करने वाले हैं, इस रेस्कयू ऑपरेशन में अंजाम देने के लिए सबसे पहले तेजस का नाम सामने आता है। वह एक अन्य अधिकारी आफिया (अंशुल चौहान) के साथ इस ऑपरेशन को पूरा करने जाती हैं, जहां उन्हें पता चलता है कि भारत के राम मंदिर में ब्लास्ट होने वाला है। तेजस लाखों लोगों की जान किस तरह बचाती है, यही है कहानी।
निर्देशन व तकनीकी पक्ष
फिल्म में तेजस गिल के ट्रेनिंग वाले दिन, परिवार के साथ उसका रिश्ता और फिर वायुसेना में उसकी सेवा को काफी सहज तरीके से दिखाया गया है। एक रोमांटिक ट्रैक भी है, लेकिन वह प्रभावी नहीं है। फिल्म का फर्स्ट हॉफ काफी धीमा है और आप इंतजार करते हैं कि कहानी में कुछ एक तगड़ा मोड़ आए, जो आपको फिल्म से बांधे। वो मोड़ सेकेंड हॉफ में आता है, जब तेजस अपनी साथी के साथ ऑपरेशन को अंजाम देने निकल पड़ती है। क्लाईमैक्स में हाई ऑक्टेन ड्रामा है, एरियल स्टंट्स हैं, जो प्रभावित करते हैं।
सर्वेश मेवाड़ा द्वारा निर्देशित देशभक्ति से लबरेज ये कहानी, दो महिला पायलटों द्वारा साहसी रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देने की अवधारणा पेश करती है। एक दृश्य में आफिया मिशन के बीच में तेजस से कहती है, "यदि हम सफल नहीं हुए, तो सब कहेंगे कि लड़कों को ही भेजना चाहिए था!" फिल्म काफी सरलता के साथ महिला सशक्तिकरण की बात करती है। फिल्म में एक जो सबसे बड़ी कमी है, वो है इमोशन की। आप इमोशनल स्तर पर कहानी या किरदार से नहीं जुड़ पाते हैं। जिस वजह से बाकी बातें खोखली लगती हैं। तकनीकी पक्ष की बात करें तो, फिल्म की एडिटिंग, खास वीएफएक्स पर काफी औसत काम किया गया है, जो कहानी का प्रभाव बनने ही नहीं देती है। साथ ही फिल्म का संगीत भी काफी कमजोर है।
अभिनय
तेजस गिल के किरदार में कंगना रनौत ने अच्छा काम किया है। उनके चेहरे पर एक आत्म विश्वास दिखता है, देश की सेवा का जज्बा झलकता है, जो इस भूमिका के लिए अनिवार्य था। एक्शन सीन्स में वो मजबूत दिखती हैं। उनके प्रेमी के किरदार में वरुण मित्रा ने अच्छा काम किया है। अंशुल चौहान ध्यान आकर्षित करती हैं और कंगना के साथ उन्होंने कुछ प्रभावी सीन्स दिये हैं, जो याद रह जाते हैं।
रेटिंग
कंगना रनौत अभिनीत इस फिल्म में कमियां हैं, खासकर लेखन और वीएफेक्स के स्तर पर, लेकिन देशभक्ति की एक अलग सी कहानी देखना चाहते हैं, तो 'तेजस' देखी जा सकती है। फिल्मीबीट की ओर से तेजस को 3 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications













