SSKTK Movie Review: जान्हवी-वरुण की नई जोड़ी पर भारी पड़े रोहित सराफ, शुरूआत से ही लग जाएगा अंत का पता

Sunny Sanskari Ki Tulsi Kumari Movie Review: बड़े पर्दे पर काफी समय के बाद लौट रहे हैं वरुण धवन, वो भी जान्हवी कपूर के साथ फ्रेश जोड़ी बनाकर। वरुण धवन, जान्हवी कपूर, सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ स्टारर फिल्म Sunny Sanskari Ki Tulsi Kumari बड़े पर्दे पर रिलीज हो चुकी है। लेकिन क्या आपको ये फिल्म देखनी चाहिए या स्किप करनी चाहिए आइए इस रिव्यू में जानें।
क्या है कहानी
Sunny Sanskari Ki Tulsi Kumari एक रॉम-कॉम फिल्म है, तो ये तो तय है कि रोमांस के साथ-साथ कॉमेडी दिखाई गई है। कहानी की शुरुआत होती है सनी (वरुण धवन) से, जो अपनी गर्लफ्रेंड अनन्या(सान्या मल्होत्रा) को प्रपोज करने जा रहा होता है। लेकिन अनन्या ये कहकर मना कर देती है कि वो एक अमीर बिजनेसमैन विक्रम (रोहित सराफ) से शादी करने जा रही है।
सनी तुरंत विक्रम के बारे में पता लगाने के लिए जुट जाता है और फिर उसे पता चलता है कि रोहित की भी एक गर्लफ्रेंड थी तुलसी (जान्हवी कपूर) और अनन्या से शादी करने के लिए उसने तुलसी का दिल तोड़ दिया। अब अपने-अपने प्यार को वापस पाने के लिए सनी और तुलसी एक टीम बना लेते हैं और दोनों के दिलों में फूट डालने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाते हैं। क्या वो अपने इस प्लान में कामयाब हो पाएंगे? या उनकी अलग ही प्रेम कहानी चलने लगेगी? ये जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।
कैसी है फिल्म?
फिल्म में फ्रेशनेस ने नाम पर सिर्फ फ्रेश जोड़िया ही हैं, बाकी फिल्म में कुछ भी ऐसा नहीं है जो लोगों को एक्साइट कर सके। फिल्म की सबसे खास बात होती है उसकी अनप्रेडिक्टिबिलिटी लेकिन इस फिल्म ने इसी फीचर को ही मिस कर दिया, ये फिल्म इतनी ज्यादा प्रेडिक्टेबल है कि शुरू होते ही आपको फिल्म का अंत समझ आ जाएगा।
फिल्म का फर्स्ट हाफ काफी साधारण सा है और काफी प्रेडिक्टेबल है। इस फिल्म में आपको 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया', 'बदरी की दुल्हनिया' जैसा वाइब भी महसूस होगा। वही ढर्रा, वही कहानी बस तड़का थोड़ा नया मार दिया है। सैकेंड हाफ में कुछ नया करने की कोशिश की गई है, पर वो इतना भी नया नहीं है कि आपको कुछ हटके महसूस हो।
कैसी है एक्टिंग?
फिल्म में हर बार की तरह इस बार भी लीड एक्टर्स से अच्छी एक्टिंग की उम्मीद लगाई जा रही थी। वरुण धवन तो सिर्फ कॉमेडी सीन्स में ही खुद को साबित कर पाए। वहीं, जान्हवी कपूर की एक्टिंग में आपको मात्र 19-20 का ही फर्क समझ आएगा। हालांकि, इन दोनों से अच्छी एक्टिंग की है सान्या मल्होत्रा ने और सान्या से भी अच्छा काम किया है रोहित सराफ ने। सान्या और रोहित ने इमोशनल सीन्स में अपनी एक्टिंग की गहराई दी है।
फाइनल रिव्यू
Sunny Sanskari Ki Tulsi Kumari फिल्म देखने का मन आप सिर्फ इस पहलू पर बना सकते हैं कि जान्हवी और वरुण एक साथ कैसे लगेंगे, रोहित और सान्या साथ में क्या रंग जमा पाएंगे? तीन साल बाद आकर वरुण ने कौन सा तीर उखाड़ लिया है और अगर आप इस मूवी को मिस करने का प्लान बना रहे है तो आप शौक से इस मूवी को मिस कर सकते हैं। फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से इस फिल्म को मिलते हैं 2 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications











