Sikandar Movie Review: Salman Khan का फैंस को ईद का गिफ्ट, एक्शन सीन से लैस फिल्म है वन टाइम वॉच

Sikandar Movie Review: सलमान खान की मच अवेटेड फिल्म 'सिकंदर' आखिरकार रिलीज हो गई। ईद के मौके पर सलमान ने अपने फैंस को बड़ा तोहफा दिया है लेकिन क्या आपको ये फिल्म देखनी चाहिए या फिर आपको टिकट पर पैसे बर्बाद नहीं करने चाहिए... आइए इस रिव्यू में जाने...
क्या है कहानी
सिकंदर की कहानी एक राजा की है, जिसे सिर्फ उसके ओहदे के लिए नहीं पहचाना जाता है बल्कि उसकी दरियादिली के लिए जाना जाता है। एक ऐसा राजा, जो अपनी प्रजा के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार और प्रजा भी अपने राजा के लिए जान देने को हाजिर है। संजय राजकोट की एक खूबसूरत बीवी है सायश्री, जो हर वक्त अपने पति से समय चाहती है लेकिन वो राजा के पास उसी की कमी होती है। राजा को अपनी बीवी की मौत के बाद एहसास होता है कि उसने अपने रिश्तों को कैसे दरकिनार किया।
सायश्री ने अपनी मौत के बाद डोनेट किए, जो कि तीन लोगों को दिए गए। अब संजय राजकोट किसी भी हाल में इन तीनों की जिंदगी संवारना चाहता है लेकिन उसके इस सपने के आड़े आ रहा है मुंबई का मिनिस्टर। आगे क्या होगा, ये जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।
कैसी है फिल्म
फिल्म एक सीधी सपाट लय में चलती नजर आएगी। इमोशन में ज्यादा ऊपर-नीचे नहीं किया गया है। फिल्म का फर्स्ट हाफ स्लो है लेकिन सेकेंड हाफ तो और भी ज्यादा स्लो है। फिल्म की कहानी बेतरतीब तरीके से इधर से उधर भागती नजर आ रही है। इस फिल्म को देखकर आपको लगेगा सबने बहुत मेहनत की है लेकिन अलग-अलग दिशा में... जिसकी वजह से फिल्म का कोई भला नहीं हो पाया है।
फिल्म में सलमान खान ने सोशल मैसेज देने की कोशिश की है। लेकिन अगर फिल्म में लॉजिक का जरा सा भी इस्तेमाल होता तो ये फिल्म और भी बेहतर हो सकती थी। कहानी को और बेहतर ढंग से पेश किया जा सकता था। लेकिन कास्ट इतनी ज्यादा मेहनत करती नजर नहीं आई। फिल्म पागल हाथी की तरह इधर-उधर दौड़ती नजर आई।
कैसी है एक्टिंग
संजय राजकोट का रोल निभा रहे सलमान खान की एक्टिंग में कोई नयापन नहीं है और उनको देखकर लग रहा है कि उन्होंने कुछ नयापन लाने की कोशिश भी नहीं की। यही नहीं, सलमान खान के इमोशनल सीन में आपको हंसी भी आ सकती है। रश्मिका मंदाना इस फिल्म में आपको सिर्फ आधे घंटे या इससे थोड़ा और मिनट ज्यादा समय तक के लिए दिखाई दे सकती हैं लेकिन उन्होंने अपनी सीमित स्क्रीन प्रेजेंस में एक्टिंग स्किल दिखाने की कोशिश की है। हालांकि, सलमान और रश्मिका की बॉन्डिंग की बात करें तो वो ऑन स्क्रीन कुछ ज्यादा अच्छे नहीं लगे।
बड़े कलाकार जैसे प्रतीक बब्बर, सत्यराज और शरमन जोशी से भी उम्मीदें काफी ज्यादा थीं लेकिन उनकी ओवर एक्टिंग देखकर आपको निराशा हो सकती है। फिल्म में काजल अग्रवाल के रोल को बर्बाद कर दिया गया है, क्योंकि अगर उनकी जगह किसी और को भी ले लेते तो भी काम बन सकता था। वरुण धवन की भतीजी अंजिनी धवन ने भी फिल्म का बेड़ा गर्क करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
कैसा है डायरेक्शन
फिल्म डायरेक्टर एआर मुरुगदास ने अपने करियर में बेहतरीन फिल्में भी दी हैं। लेकिन उनकी ये फिल्म अब तक की सबसे बुरी फिल्म में से एक है। स्क्रीनप्ले में साफ-साफ गलतियां नजर आ रही हैं। फिल्म के कई सीन ऐसे हैं, जिन्हें जबरदस्ती डाला हुआ लगेगा। फिल्म इमोशनल हो सकती थी लेकिन लॉजिक की कमी की वजह से इमोशनल सीन भी बदरंग से नजर आ सकते हैं।
फाइनल रिव्यू
सलमान खान की फिल्म 'सिकंदर' का लोगों को बेसब्री से इंतजार था। इस फिल्म से उनके फैंस ने काफी उम्मीदें लगाई थीं, जो शायद थोड़ी मिट्टी में मिल सकती थी। लेकिन हां अगर आप सलमान के फैन हैं और आपको उनका माचो स्टाइल पसंद है तो आप ये फिल्म जरूर देख सकत हैं। फिल्मबीट हिंदी की तरफ से इस फिल्म को दिए जाते हैं 3 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications











