Saiyaara Movie Review: मासूमियत, दर्द और प्यार की कहानी है 'सैयारा', अहान-अनीत ने लव स्टोरी में फूंकी जान!

Saiyaara Movie Review: सिनेमाघरों में रिलीज हुई एक और प्रेम कहानी 'सैयारा'। जिसमें डेब्यू किया है दो एक्टर अहान पांडे और अनीत पड्डा ने। ये फिल्म एक बार फिर से लेकर आई है एक प्योर लव स्टोरी... लेकिन क्या आपको ये फिल्म देखनी चाहिए या स्किप करनी चाहिए, आइए इस रिव्यू में जानें।
क्या है कहानी
इस फिल्म की कहानी है वाणी बत्रा (अनीत पड्डा) एक लड़की की, जो अपने बॉयफ्रेंड से शादी करना चाहती है लेकिन शादी वाले दिन ही उसका बॉयफ्रेंड उसे धोखा दे देता है और वो ये सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाती है। इस धोखे के छह महीने बाद वो नौकरी करने का तय करती है और नौकरी के पहले दिन ही उसकी मुलाकात होती है क्रिश कपूर(अहान पांडे)से, जो कि एक स्ट्रगलिंग सिंगर है और दुनिया में अपना नाम कमाना चाहता है। दोनों की मुलाकात होती है और क्रिश को वाणी के लिखे हुए गाने पसंद आते हैं और वो अपने अगले गाने के लिए वाणी को अप्रोच करता है। इसी सॉन्गराइटिंग में दोनों के दिलों के तार जुड़ने लग जाते हैं। वाणी गाने लिखती और क्रिश उन्हें गाता।
कहानी में उस वक्त एक अलग मोड़ ले लेती है, जब वाणी को पता चलता है कि वो एक सीरियस बीमारी की शिकार बन चुकी है और अब वो धीरे-धीरे सब भूलने लग जाएगी और एक ऐसा भी वक्त आएगा कि वो अपने करीबियों को भी भूल जाएगी। वाणी को ये भी पता है कि अगर वो क्रिश के पास रही तो क्रिश कभी कामयाब नहीं हो पाएगा। अब ये प्रेम कहानी आगे कैसे बढ़ेगी और ये दोनों एक हो भी पाएंगे या नहीं या वाणी कोई गलत फैसला ले लेगी, ये जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।
कैसी है फिल्म
सैयारा एक म्यूजिकल फिल्म है और इस फिल्म को देखते-देखते आपको 'आशिकी 2' का टच देखने को मिलेगा, कुछ-कुछ हिस्सों में आपको रॉकस्टार जैसी झलक भी देखने को मिलेगी। या यूं कहें कि इस फिल्म को 'आशिकी 2' और 'रॉकस्टार' को मिलाकर बनाया गया है, जिसमें ऊपर से यशराज फिल्म्स का तड़का लगाया गया है। इस फिल्म के पहले पार्ट में एक्टर को एक सेल्फिश आदमी दिखाया गया है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए कुछ भी कर सकता है लेकिन पहले पार्ट के एंड होते-होते वही सेल्फिश आदमी सेल्फलेस बन जाता है और अपने प्यार के लिए अपना करियर भी कुर्बान करने को तैयार हो जाता है।
फिल्म में अनीत पड्डा को बहुत ही खूबसूरत और प्यारा दिखाया गया है, जो दुनिया की चतुराई से महरूम है और बेहद मासूम है। उसे ऐसी शख्सियत दिखाया गया है कि वो इतना प्यार देने वाली लड़की है कि जिसके प्यार में पड़कर रावण भी राम बन जाए।
फिल्म का पहला हाफ अच्छा है... स्टोरी बिल्डअप है। पहले हाफ में अनीत पड्डा का काम आपको अच्छा लगेगा लेकिन सैकेंड हाफ पूरा का पूरा अहान का है। हालांकि, फिल्म का सैकेंड हाफ थोड़ा और छोटा हो सकता था।
कैसी है एक्टिंग
इस फिल्म में आपको सिर्फ दो ही स्टार देखने को मिलेंगे अहान पांडे और अनीत पड्डा। हालांकि, इसमें और भी सितारे हैं लेकिन इन दोनों की एक्टिंग ने सबको पछाड़ दिया। अनीत की मासूमियत आपका दिल जीत लेगी लेकिन जैसे ही उसकी पर्सनैलिटी बदलती है... अनीत का वो रूप तो और भी खतरनाक लगने लग जाता है। अहान पांडे ने फर्स्ट हाफ में अच्छा काम किया है लेकिन सैकेंड हाफ में तो वो छा ही गए हैं। अगर कंपैरिजन किया जाए तो अनन्या पांडे ने भी अपनी डेब्यू मूवी में इतना अच्छा काम नहीं किया था, जितना बेहतरीन काम अहान ने किया है और अहान से भी बेहतर लगी हैं अनीत। इसमें कोई दो राय नहीं होगी कि इस फिल्म के बाद अनीत रातों-रात चर्चा का विषय बन जाएं।
फाइनल रिव्यू
बात अगर रोमांटिक फिल्म बनाने की हो तो ऐसी ही मूवीज का बनना बेहद जरूरी है। जिसमें दिखाया जाए कि प्यार करने की कोई हद नहीं होती। जिसमें रोमांस हो... इमोशन हो... ड्रामा हो... खुशी हो... और बस दो लोगों का साथ। यही दिखाया गया है सैयारा में। बहुत समय बाद सिनेमाघरों में एक प्योर लव स्टोरी ने दस्तक दी है और इसे सराहा भी जाना चाहिए। फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से इस फिल्म को मिलते हैं 3.5 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications











