झूठ नही सच यही, फ्लॉप है 'झूठा ही सही'
निर्देशक - अब्बास टायरवाला
निर्माता - रॉनी स्क्रूवाला
संगीत - ए आर रहमान
कलाकार - जॉन अब्राहम, पाखी टायरवाला, रघुराम, मानसी स्कॉट, नंदना सेन
समीक्षा - टीवी पर आ रहे मैया यशोदा गाने में नजर आ रहे जॉन और पाखी फिल्म झूठा ही सही का मुख्य आकर्षण हैं। जॉन अब्राहम फिल्मों के सेलेक्शन को लेकर काफी अलग नजरिया रखते हैं। अब इसे उनकी खूबी भी कहा जा सकता है और खामी भी। जॉन ने अभी तक अपने करियर में धूम और दोस्ताना जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं लेकिन अगर इसके अलावा उनकी सोलो हीरो के रूप में फिल्में याद की जाएं तो याद भी नहीं आता।
विषय में लीक से हट कर फिल्में जॉन की पहली पसंद रही हैं , ये बात अलग है कि दर्शकों ने उन्हे हमेथा ऐसी भूमिकाओं में नकारा ही है। मसलन नो स्मोकिंग, गोल और हालिया रिलीज फिल्म आशाएं का उदाहरण लिया जा सकता है। झूठा ही सही की स्क्रिप्ट के साथ ऐसी कास्टिंग का चुनाव यकीनन सोचने पर मजबूर कर देता है कि आखिरकार अब्बास ने क्या सोच कर जॉन के साथ अपनी पत्नी को नवोदित अदाकारा के रूप में उतारने का फैसला लिया है। उनका ये निर्णय अपनी फिल्म के ऊपर ओवर कॉन्फिडेंस ही कहा जा सकता है।
अब्बास इससे पहले 'जाने तू या जाने ना' को निर्देशित कर चुके हैं। इस फिल्म में भी ना तो कहानी खास थी और ना ही कास्टिंग जोरदार थी। उसके बावजूद फिल्म टीनएज दर्शकों को काफी पसंद आई। लगता है जाने तू... की सफलता ने ही उन्हे इस तरह का रिस्क लेने का साहस दिया है। फिल्म में जॉन-पाखी के अलावा रहमान का संगीत भी है। मैया यशोदा कुछ लोगों को लुभा रहा है। लेकिन रहमान के संगीत निर्देशन भी अब पहले जैसी बात नहीं रही कि फिल्में अब केवल अब उनके संगीत निर्देशन के बल पर चल जाएं। दिन ब दिन उनकी फिल्मों में बासीपन बढ़ता जा रहा है।
कुल मिलाकर अगर झूठ ना कहा जाए तो फिल्म झूठा ही सही जॉन के करियर की अगली सुपर-डुपर फ्लॉप फिल्म साबित होने वाली है। अब्बास की पत्नी पाखी इससे फिल्म से काफी साल पहले एक और फिल्म में आ चुकी हैं। लेकिन ये फिल्म ना तो उनके करियर को स्क्रिप्ट राइटर के रूप में उठा पाएगी और ना ही उन्हे ऐक्ट्रेस के रूप में स्थापित कर पाएगी। हालांकि ऐक्टिंग के लिहाज से पाखी बुरी नहीं हैं। बाकी कलाकारों ने मुख्य कलाकारों के मुकाबले बेहतर अभिनय किया है लेकिन जॉन अपने रोल में नहीं जमते ये फिल्म की बदकिस्मती है।


Click it and Unblock the Notifications











