Raid 2 Movie Review: अजय देवगन पर भारी पड़े रितेश देशमुख, इस एक्टर ने फिल्म में डाली जान

Starcast: Ajay Devgn, Vaani Kapoor, Riteish Deshmukh, Rajat Kapoor, Saurabh Shukla, Amit Sial
Director: Raj Kumar Gupta
Raid 2 Movie Review: अजय देवगन बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रेड 2' आखिरकार बड़े पर्दे पर रिलीज हो गई है। इस फिल्म के पहले पार्ट ने लोगों में काफी दिलचस्पी जगाई थी और इस फिल्म के ऐलान के बाद से ही लोगों में इस फिल्म को लेकर काफी एक्साइटमेंट थी। तो क्या आपको ये फिल्म देखनी चाहिए? या फिर स्किप करनी चाहिए... आइए इस रिव्यू में जानें...।
क्या है कहानी
इस फिल्म की कहानी एक खुद्दार और ईमानदार इनकम टैक्स ऑफिसर के ऊपर है, जो अपनी रेड करने के तरीके के लिए जाना जाता है। अमय पटनायक को एक बड़ी रेड करनी है, वो भी एक मंत्री की... जो वहां की प्रजा का राजा है और लोग उसे अपनी सर-आखों पर बिठाते हैं। अमय पटनायक यहां पहुंचता है और वहां के राजा यानी दादा भाई की सच्चाई बाहर निकालने की कोशिश करता है। लेकिन इस बार अमय जैसे शेर को सवा सेर मिल गया है।
अमय पटनायक वहां की जनता के सामने दादा भाई की पोल खोलने की कोशिश करता है लेकिन दादा भाई की चाल की वजह से वो गांववालों का दुश्मन बन जाता है। अब वो कैसे दादा भाई की सच्चाई लोगों के सामने लेकर आएगा? गांववाले जिसे भगवान का दर्जा देते हैं, दरअसल वो कितना बड़ा शैतान है इस बात की सच्चाई वो लोगों तक कैसे लाएगा, ये इस फिल्म में दिखाया गया है।
कैसी है फिल्म
फिल्म का कॉन्सेप्ट अच्छा है लेकिन पहला हाफ काफी ज्यादा प्रेडिक्टेबल है। यहां तक कि इस फिल्म के कई डायलॉग भी आपको प्रेडिक्टेबल लग सकते हैं। फिल्म का फर्स्ट हाफ काफी स्लो है और पूरे में सिर्फ बिल्ड अप ही दिखाया गया है।
कहानी में थोड़ा-थोड़ा बदलाव सैकेंड हाफ में होता है, जब फिल्म में नए कैरेक्टर्स की एंट्री होती है और यही कैरेक्टर्स फिल्म को थोड़ी स्पीड देते हैं। फिल्म की कहानी में रितेश और अजय के बीच जितनी तीखी जुबानी जंग और डायलॉगबाजी की उम्मीद की जा रही थी, वो उतनी हुई नहीं। रितेश ने पहली ही मुलाकात में अजय को सस्पेंड करवा दिया। उसके बाद दोनों एक-दूसरे को फोन पर ही चिढ़ाने का काम करने लगे।
फिल्म का फर्स्ट हाफ तो स्लो है लेकिन सैकेंड हाफ फिर भी आपको एंटरटेन कर सकता है।
कैसी है एक्टिंग
इस फिल्म में अजय देवगन ने अपनी एक्टिंग में कुछ खास अलग नहीं किया है। बल्क कई सीन में वो काफी ठंडे भी नजर आए। फिल्म में उनकी पत्नी का किरदार वाणी कपूर ने निभाया है, लेकिन दोनों के बीच केमिस्ट्री की काफी कमी नजर आई। हालांकि, वाणी ने अपने किरदार के साथ काफी जस्टिस करने की कोशिश की लेकिन कम स्क्रीन स्पेस होने की वजह से वो ऐसा करने में नाकाम हुईं। रितेश देशमुख इस फिल्म में शानदार दिखे और वो अपने कैरेक्टर में जम रहे थे। कई सीन में तो वो अजय पर भी भारी पड़ते नजर आए।
इस फिल्म की जान अगर साइड हीरोज को कहा जाए तो गलत नहीं होगा। इस फिल्म में अमित सियाल ने कमाल का काम किया है, सिर्फ वो ही एक ऐसे कैरेक्टर हैं, जो स्क्रीन पर आपके चेहरे पर सबसे पहले मुस्कान लेकर आ सकते हैं। यशपाल शर्मा ने कम स्क्रीन स्पेस में भी तख्ता-पलट किया है। बीच-बीच में सौरभ शुक्ला की एंट्री आपको मजेदार लगेगी। सुप्रिया पाठक ने भी फिल्म में अपनी जान डाली है।
फाइनल रिव्यू
अगर आपको रेड का पहला पार्ट पसंद आया था तो आपको रेड 2 देखनी चाहिए। अगर आपको रितेश विलेन के रोल में कमाल के लगते हैं तो आपको ये फिल्म देखनी चाहिए। अगर आप ये देखना चाहते हैं कि एक इनकम टैक्स अधिकारी क्या-क्या कर सकता है तो आपको ये फिल्म देखनी चाहिए। फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से इस फिल्म को मिलते हैं 3 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications