OMG 2 Movie Review: बोल्ड, पॉवरफुल और एंटरटेनिंग है अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी और यामी गौतम की फिल्म

निर्देशक- अमित राय
कलाकार- पंकज त्रिपाठी, अक्षय कुमार, यामी गौतम, पवन मल्होत्रा, अरुण गोविल, बृजेंद्र काला, आरुष वर्मा आदि
ओएमजी 2 (OMG 2) जैसी फिल्में हिट- फ्लॉप के स्तर से ऊपर होती हैं। यह महत्वपूर्ण विषय पर बनी एक ऐसी फिल्म है, जो समाज को आगे बढ़ने में मदद देती है। जो हमारे और आपके सोच को आकार दे सकती है। और यदि फिल्म महज पांच व्यक्तियों की सोच को भी बदलने में सफल साबित होती है, तो ये होगा इसकी सफलता का प्रमाण।
इस फिल्म को देखकर सबसे पहला शब्द जो दिमाग में आता है, वो है साहस। साहस फिल्म के पूरे टीम की, जो सेक्स एजुकेशन विषय पर बनी फिल्म को बड़े पर्दे पर लेकर आए। फिल्म को हालांकि ए सर्टिफिकेट (केवल वयस्कों के लिए) दिया गया है, लेकिन कहना गलत नहीं होगा कि ये हर किशोर, माता- पिता और स्कूलों के लिए अनिवार्य होनी चाहिए।
कहानी
फिल्म कांति शरण मुद्गल (पंकज त्रिपाठी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके बेटे का मास्टरबेशन करते हुए एक वीडियो पूरे स्कूल और फिर पूरे शहर में वायरल हो जाता है। इस "गंदी बात" के लिए उसे स्कूल से निकाल दिया जाता है, पूरे समाज में परिवार की थू- थू होने लगती है। लड़के के मानसिक स्वास्थ्य पर इसका भारी प्रभाव पड़ता है, जब उसके पिता कांति शरण को अहसास होता है कि उनका बेटा सेक्स से संबंधित गलत जानकारी का शिकार है, जिसके लिए वह खुद भी आंशिक रूप से दोषी है। बच्चे की पीड़ा को देखते हुए वह भगवान को मदद की पुकार लगाते हैं, जब शिव के दूत (अक्षय कुमार) उन्हें सच्चाई और साहस के राह की ओर ले जाते हैं। कांति शरण मुद्गल अपने बेटे के स्कूल समेत, उन सभी को अदालत तक ले जाते हैं, जो सेक्स के बारे में गलत जानकारी मुहैया कराते हैं, चाहे वो कोई हकीम हो, या मेडिकल स्टोर का कर्मचारी। असली फिल्म यहां से शुरु होती है।
अभिनय
फिल्म मुख्य तौर पर पंकज त्रिपाठी और उनके परिवार के इर्द गिर्द घूमती है। और सभी अपने अभिनय से प्रभावित करते हैं। पंकज त्रिपाठी अपने किरदार में ऐसे रचे बसे नजर आते हैं कि आप पूरी फिल्म उनसे नजर नहीं हटा पाते हैं। वो एक वक्त पर भोले भंडारी के भक्त भी हैं, एक वक्त पर पिता और अलग क्षण कोर्ट में दलीलें देकर समाज को आइना दिखाने वाले भी। वकील कामिनी महेश्वरी के किरदार में यामी गौतम काफी जंची हैं। उनके किरदार में कुछ खलनायक वाले रंग डाले गए हैं, जिसे अभिनेत्री ने बखूबी निभाया है। भगवान शिव के दूत के रूप में अक्षय कुमार प्रभावित करते हैं। जहां जरूरत थी, उन्होंने अपने किरदार में एक ठहराव लाया है। वहीं, अरुण गोविल, गोविंद नामदेव, बृजेन्द्र काला, श्रीधर दुबे, आरुष वर्मा.. सभी अपने किरदारों के साथ इंसाफ करते हैं।
निर्देशन
यौन शिक्षा जैसे विषय पर एक कमर्शियल फिल्म बनाना आसान नहीं है। लेकिन अमित राय ने इस विषय को काफी निडर होकर दर्शकों के सामने परोसा है। फिल्म मौजूदा सोच को चुनौती देती है, लेकिन फिर भी धर्म और भारत के पारिवारिक मूल्यों की मूल भाव को बरकरार रखता है। ये फिल्म सामाजिक मानदंडों पर सवाल उठाती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह माता-पिता और उनके बच्चे के बीच की अनकही दूरी को समझने का प्रयास करती है। फिल्मों में तो छोड़िए, अपने घरों में हम कितनी बार सेक्स एजुकेशन से संबंधित चर्चा करते हैं? अमित राय की यह फिल्म कई सवाल करती है और उम्मीद करती है कि इस विषय पर बातें सामान्य स्तर पर शुरु हों। योनि और लिंग को अलग अलग ऊटपटांग नाम क्यों दिया जाता है? गुड टच, बैड टच की सीख मां- बाप अपने बच्चों को क्यों नहीं दे पाते? जहां इंटरनेट पर पोर्न उपलब्ध है, वहां स्कूलों में यौन शिक्षा क्यों वर्जित है? फिल्म सभी विषयों को छूती हुए निकलती है।
ओएमजी 2 तकनीकी पक्ष में थोड़ी और मजबूत हो सकती थी। एडिटिंग को चुस्त करने की जरूरत थी, खासकर सेकेंड हॉफ में। कोर्ट रूम ड्रामा की शुरुआत कमजोर है, लेकिन धीरे धीरे संवाद के जरीए मजबूती बढ़ती जाती है। फिल्म का संगीत खास प्रभाव नहीं छोड़ता है।
रेटिंग
पंकज त्रिपाठी, अक्षय कुमार और यामी गौतम अभिनीत "ओएमजी 2" एक महत्वपूर्ण और सामाजिक रूप से प्रासंगिक विषय पर बनी एंटरटेनिंग फिल्म है, जिसे जरूर देखा जाना चाहिए। फिल्म का उद्देश्य स्कूल में यौन शिक्षा के महत्व पर एक तार्किक और जिम्मेदार दृष्टिकोण प्रस्तुत करना है, जो समाज में बदलाव लाने के लिए महत्वपूर्ण है। फिल्मीबीट की ओर से OMG 2 को 3.5 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications













