वही श्राप वही कहानी 'शापित'

निर्देशक - विक्रम भट्ट
निर्माता - विक्रम भट्ट
स्टार कास्ट - आदित्य नारायन, श्वेता अग्रवाल, राहुल देव, शुभा जोशी
विधा - हॉरर लव स्टोरी
पुरानी देसी कहानी
अगर आप हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं और हॉलीवुड हॉरर फिल्मों के अलावा देसी भूतिया फिल्में भी देखते हैं तो फिल्म शापित की कहानी में आप को कोई नयापन नहीं मिलेगा। फिल्म के निर्देशक विक्रम भट्ट इससे पहले राज और 1920 भी बना चुके हैं । यकीनन हॉरर फिल्मों को पेश करते-करते उनका तकनीकी ज्ञान बढ़ा है। इस फिल्म में विक्रम ने अपने इस अनुभव का भरपूर इस्तेमाल करते हुए कई ऐसे दृश्य डाले हैं जो ना तो किसी हॉलीवुड फिल्म से चुराये गए लगते हैं और ना ही किसी अतिशयोक्ति से भरे।
बेसब्री से इंतजार
आमतौर पर बॉलीवुड हॉरर फिल्में में कहानी से लेकर फिल्मांकन तक सब कुछ नकली लगता है। लेकिन शायद यह फिल्म भारत में अब तक बनी फिल्मों का अपवाद साबित होगी। वैसे राज और 1920 देखने वाले दर्शक विक्रम को पहचानते हैं। ये बात तय है कि हॉरर फिल्में देखने वाले दर्शकों की संख्या काफी अधिक है और वह इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
संगीत की चाशनी
विक्रम उन्हे इस फिल्म से जोड़ने में जरूर सक्सेज पाएंगे। फिल्म टेक्निकली स्ट्रांग हैं। इसलिए फिल्म के स्पेशल एफेक्ट्स दमदार लगते हैं। फिल्म का म्यूजिक औसत है। भट्ट कैंप को म्यूजिक की अच्छी समझ है लेकिन विक्रम ने इस फिल्म में संगीत का कुछ अधिक ही उपयोग किया है। इसके बावजूद उम्मीद है कि फिल्म का संगीत दर्शकों को बोर नहीं करेगा।
आदित्य की एक्टिंग
अब ये तो बात हुई फिल्म के तकनकी और कला पक्ष की लेकिन यदि फिल्म के हीरो आदित्य नारायन की अदाकारी पर टिप्पणी ना की जाए तो बात अधूरी ही रह जाएगी। पहली फिल्म के लिहाज से आदित्य इस फिल्म में सधे हुए नजर आए हैं। हां, ये अलग बात है कि आदित्य जैसे कम उम्र के लड़के को इतने स्टंट करते देख कोई इसे रियल मान भी पाएगा या नहीं। वहीं फिल्म की अभिनेत्री श्वेता अग्रवाल का अभिनय सामान्य है। राहुल देव, आदित्य के सहायक के बतौर उम्दा दिखे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











