Mr. & Mrs. Mahi Review: क्रिकेट के तड़के के साथ लव स्टोरी का नया एंगल, जान्हवी ने एक्टिंग से किया क्लीन बोल्ड

Star Cast- Janhvi Kapoor, Rajkummar Rao, Zarina Wahab, Kumud Mishra
Director- Sharan Sharma
Mr. & Mrs. Mahi Review: राजकुमार राव और जान्हवी कपूर की फिल्म मिस्टर एंड मिसेज माही सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। दूसरी बार राजकुमार और जान्हवी की जोड़ी देखने को मिल रही है। इस फिल्म में दोनों का रोमांस भरपूर देखने को मिल रहा है और वो भी क्रिकेट के तड़के के साथ। तो क्या आपको यह फिल्म देखनी चाहिए या फिर अपने पैसे खर्च करने के से बचना चाहिए। आइए जानते हैं इस रिव्यू में...
इस फिल्म को शरण शर्मा ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के ऊपर है जो अपनी जिंदगी में कुछ करना चाहता है लेकिन हालात और टाइमिंग उसके फेवर में नहीं है। फिल्म में राजकुमार राव महेंद्र अग्रवाल की भूमिका निभा रहे हैं और जान्हवी कपूर एक्टर की पत्नी महिमा अग्रवाल का रोल निभा रही हैं।
क्या है कहानी?
मिस्टर एंड मिसेज माही की कहानी शुरू होती है महेंद्र अग्रवाल से, जो सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहता है और किसी भी हाल में नेशनल टीम के लिए सेलेक्ट होना चाहता है। लेकिन लाख तिकड़म लगाने के बाद भी वो सेलेक्ट नहीं हो पाता और उसके पिता अपनी दुकान पर बिठाकर महेंद्र के क्रिकेटर बनने के सपने को चकनाचूर कर देते हैं। यही नहीं, उसके पिता अपने बेटे को ही नकारा महसूस करवाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते हैं।
कुछ साल बीतने के बाद महेंद्र की शादी तय की जाती है होने वाली डॉक्टर महिमा के साथ। महेंद्र ने अपनी जिंदगी में कुछ खास उखाड़ा नहीं था तो उसके पिता ने महेंद्र की झूठी उपलब्धियों के बांध बांधकर रिश्ता पक्का करवा दिया। लेकिन महेंद्र ने महिमा से जाकर सबकुछ सच कह दिया और महेंद्र की इमानदारी से इंप्रेस होकर महिमा शादी के लिए हां कर देती है। शादी के बाद महेंद्र को पता चलता है कि महिमा बहुत अच्छा क्रिकेट खेलती है और फिर वो पत्नी की डॉक्टरी छुड़वाकर उसे क्रिकेटर बनाता है और बदले में उम्मीद करता है कि आज तो जो उसे जिल्लत मिलती आ रही है, वो अब दूर होगी लेकिन ऐसा नहीं होता है। हर ओर महिमा का नाम होता है और महेंद्र को कोई पूछता भी नहीं हैं।
इस फिल्म में दिखाया है कैसे एक आदमी अंधी दौड़ में शामिल होकर अपनी ही खुशियों का गला घोंटता है। जिस चीज की तलाश उसे बाहरी दुनिया में की चकाचौंध में दिखाई देती है, वो दरअसल उसके अंदर ही होती है। वो है- खुशी।
कैसी है एक्टिंग
फिल्म की कहानी का फोकस सबसे ज्यादा राजकुमार राव पर है, लिहाजा राजकुमार ने अपने हर एक्सप्रेशन पर पकड़ बनाकर रखी है। महेंद्र के किरदार में राजकुमार राव इस तरह जमे हैं कि एक समय पर आपको उनसे नफरत तक हो जाएगी। जान्हवी ने अपनी एक्टिंग में काफी सुधार किया है और इस फिल्म में वो काफी एक्सप्रेशन दे पाई हैं। कुमुद मिश्रा और जरीना वहाब की एक्टिंग भी कमाल की रही है। फिल्म में टीवी एक्टर अर्जित तनेजा ने राजकुमार राव के भाई का रोल निभाया है जो कि एक कामयाब टीवी एक्टर है, उन्होंने भी अपने छोटे से रोल के साथ न्याय किया है।
कैसा है डायरेक्शन
फिल्म की कहानी क्रिकेट के ऊपर है, लेकिन क्रिकेट पर इतना ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। ये फिल्म स्पोर्ट्स ड्रामा कम एक आम लव स्टोरी ज्यादा नजर आ रही थी। अगर आपने फिल्म का ट्रेलर देखा है तो इससे ज्यादा आप फिल्म में कुछ उम्मीद करके ना जाएं, क्योंकि इस फिल्म में और कोई एक्स्ट्रा एलीमेंट नहीं है। फिल्म के डायलॉग्स आउटस्टैंडिंग नहीं थे और आप बड़ी आसानी से फिल्म में आगे क्या होने वाला है उसका अंदाजा लगा सकते हैं।
फाइनल रिव्यू
अगर आप राजकुमार राव के फैन हैं तो आप ये फिल्म देखने जा सकते हैं क्योंकि इस फिल्म में राजकुमार राव और जान्हवी की जोड़ी कमाल की लगी है। लेकिन अगर आप क्रिकेट लवर हैं और इस आशा के साथ मूवी देखने जा रहे हैं कि आपको इस फिल्म में क्रिकेट के लिए दीवानगी देखने को मिलेगी तो आपके हाथ थोड़ी निराशा लग सकती है। फिल्म के गाने औसत दर्जे के हैं लेकिन 'देखा तेनू पहली-पहली बार' आपको जरूर पसंद आएगा। इस फिल्म को फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से मिलती है 3 रेटिंग।


Click it and Unblock the Notifications












