अज्ञात: रोमांच पैदा करने में नाकामयाब
निर्देशक: राम गोपाल वर्मा
कलाकार: नीतिन रेड्डी, निशा कोठारी, गौतम रोडे, इशरत अली, हावर्ड रोजीमेयर, जॉय फर्नांडेस और रवि काले
राम गोपाल वर्मा की पिछली कई फिल्में आशा के अनुरूप नहीं रही है फिर भी दर्शक उनकी फिल्मों से उम्मीदें लगाएं थियेटर चले जाते है। कुछ ऐसी ही उम्मीद अगर फिल्म अज्ञात के साथ लगाएंगे तो निराशा हाथ लग सकती है। फिल्म के प्रोमोज देखकर आप कुछ रोमांच देखने की उम्मीद से थियेटर जाएंगे लेकिन अंत में आप गुस्से के साथ बाहर निकलेंगे।
अज्ञात एक ऐसे फिल्म युनिट की कहानी है जो अपनी फिल्म की शुटिंग के लिए एक अज्ञात जंगल में चले जाते है। इस युनिट में हीरो शरमन (गौतम), हीरोइन आशा (निशा कोठारी), दक्षिण भारतीय फिल्म निर्माता मुर्ती (इशरत अली), निर्देशक जेजे (हावर्ड), स्पॉट ब्याय (काले), एक्शन निर्देशक रक्का, सह निर्देशक सुजल (नीतिन) और साधारण पटकथा लेखक समीरा (रसिका दुग्गल) है जो सुजल से मन ही मन प्रेम करती है।
समीरा मन ही मन सुजल को पाने की कामना करती रहती है वही सुजल को फिल्म की हीरोइन आशा से प्यार है। कुछ ऐसी परिस्थितियां बनती है कि युनिट को दो दिन के लिए छुट्टी मिल जाती है। सेतू (जॉय) युनिट को जंगल घुमाने की पेशकश करता है।
सभी घूमने चले जाते है। रात में सभी आग के किनारे आंनद मना रहे होते है। अचानक एक अजीब सी आवाज आती है सेतू उस आवाज का पता लगाने के लिए जाता है लेकिन लौट कर वापस नहीं आ पाता है। बाद में वह मरा हुआ मिलता है। वे सभी जंगल से भागने की कोशिश करतें है लेकिन उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो जाती है। तब शुरू होता है एक के बाद एक हत्याओं का सिलसिला।
फिल्म में किसी नामी अभिनेता व अभिनेत्री की नामौजूदगी में भी रामू एक हद तक फिल्म में आवाज और छायांकन के जरिए रोमांच पैदा करने की कोशिश की है। दो घंटे की फिल्म में सभी पात्रों के विकास का मौका नहीं मिल पाया है। फिर न जाने गाने कैसे डाल दिए गए है जो जबरदस्ती ठूंसे हुए लगते है। फिल्म की पटकथा बेहद कमजोर है। मजेदार बात है कि यह हत्याएं कौन कर रहा है और क्यो कर रहा है यह सब अंत तक अज्ञात ही रह जाता है। लगता है रामू ने इसके सीक्वेल की तैयारी अभी से कर ली है। इसीलिए यह नही बताया कि हत्यारा कौन है?
तेलुगू फिल्म अभिनेता नीतिन ने अच्छा अभिनय किया है, निशा कोठारी पहले से बेहतर लगीं है। गौतम अपने रोल में जंचे है बाकी कोई भी प्रभावित नहीं कर पाया है।
कुल मिलाकर कहा जाए तो अपने रिस्क पर अज्ञात देखने जाएं।


Click it and Unblock the Notifications











