The Fantastic Four: First Steps Review- मार्वल की नई फिल्म में इमोशंस की भरमार, लेकिन मजा अधूरा!

The Fantastic Four: First Steps Movie Review: मार्वल स्टूडियोज की लेटेस्ट फिल्म 'द फैंटास्टिक फोर: फर्स्ट स्टेप्स' आखिरकार रिलीज हो गई है। ये फिल्म MCU की 37वीं किस्त है और मशहूर सुपरहीरो टीम को फिर से नई जिंदगी देने की कोशिश करती है। पहले आए वर्जन को दर्शकों ने पसंद किया था, इसलिए इस बार उम्मीदें और भी ज्यादा थीं। तो सवाल ये है- क्या ये फिल्म उम्मीदों पर खरी उतरी? जवाब थोड़ा मिला-जुला है।
क्या है कहानी
फिल्म की कहानी हमें 1960 के दशक के न्यूयॉर्क में ले जाती है। वहां के पुराने दौर को एक अलग ही अंदाज में दिखाया गया है। डायरेक्टर मैट शाकमैन ने इस बार CGI की बजाय इमोशन्स और किरदारों के रिश्तों पर ज्यादा फोकस किया है।
रीड रिचर्ड्स (पेड्रो पास्कल), सू स्टॉर्म (वैनेसा किर्बी), जॉनी (जोसेफ क्विन) और बेन ग्रिम (एबन मॉस-बैचराच)- ये चारों एक स्पेस मिशन के दौरान अजीब शक्तियां हासिल कर लेते हैं। इसके बाद ये बन जाते हैं 'फैंटास्टिक फोर'।
कहानी की सबसे खास बात है इसमें भरा हुआ इमोशनल टच। रीड जहां एक जीनियस है लेकिन अपनी फीलिंग्स को ठीक से दिखा नहीं पाता, वहीं सू टीम को जोड़कर रखती है। जॉनी बाहर से मस्तीखोर दिखता है लेकिन अंदर से अकेलापन महसूस करता है। और बेन का तो पूरा शरीर ही बदल जाता है - वो एक पत्थर जैसे दिखने वाले इंसान में तब्दील हो जाता है।
क्लाइमैक्स कितना दमदार?
इस बार की बड़ा विलेन है सिल्वर सर्फर जो पूरी दुनिया को खतरे में डाल देती है। चीजें तब और दिलचस्प हो जाती हैं जब रीड और सू को अपने आने वाले बच्चे और पूरी दुनिया को बचाने के बीच एक बड़ा फैसला लेना पड़ता है। यही इमोशनल सीन फिल्म की जान हैं।
लेकिन फिल्म की स्पीड यानी पेसिंग थोड़ी गड़बड़ है। बीच-बीच में कहानी खिंचती हुई लगती है और कहीं-कहीं बोरियत का एहसास होता है। आखिरी हिस्से में एक्शन और इमोशन का जबरदस्त मिक्स देखने को मिलता है- जिसमें जीरो ग्रेविटी में डिलीवरी सीन और ब्रह्मांड के लिए बलिदान जैसे सीन शामिल हैं। लेकिन फिर भी फिल्म आपको पूरी तरह बांध नहीं पाती।
गैलेक्टस, जो कि फिल्म का मेन विलेन है, उतना असरदार नहीं लगा और ज्यादा धमाका नहीं कर पाया।
कैसी रही एक्टिंग?
चारों लीड एक्टर्स ने अपने रोल बखूबी निभाए। पेड्रो पास्कल, वैनेसा किर्बी, एबन मॉस-बैचराच और जोसेफ क्विन की केमिस्ट्री शानदार रही। लेकिन सबसे ज्यादा चमकती हैं वैनेसा किर्बी, जिन्होंने क्लाइमैक्स में सभी का दिल जीत लिया। जूलिया गार्नर ने सिल्वर सर्फर का रोल निभाया और उनका काम भी काफी ध्यान खींचने वाला रहा।
फाइनल रिव्यू
'द फैंटास्टिक फोर: फर्स्ट स्टेप्स' मार्वल की दूसरी फिल्मों से थोड़ी अलग है। इसमें सिर्फ धमाकेदार एक्शन नहीं बल्कि दिल छूने वाले पल भी हैं। ये फिल्म फैंस को एक नया एक्सपीरिएंस देती है लेकिन बहुत ज्यादा उम्मीदें लगाना थोड़ा रिस्की हो सकता है। अगर आप इमोशनल सुपरहीरो ड्रामा देखना चाहते हैं तो इसे एक बार देख सकते हैं। ये फिल्म मार्वल यूनिवर्स में एक अच्छा एडिशन है, लेकिन अभी भी परफेक्ट से कुछ कदम दूर है। फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से इस फिल्म को मिलते हैं 3 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications











