KKPK 2 Review: लॉजिक छोड़िए, बस हंसना शुरू कीजिए! कपिल शर्मा की फिल्म कमाल या बर्बाद, इस रिव्यू में जानें

Kis Kisko Pyaar Karoon 2 Movie Review: अक्सर हमने कपिल शर्मा को कॉमेडी शोज में कॉमेडी करते हुए देखा है लेकिन अब वो अपनी नई फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' के जरिए अपने फैंस के लिए फिर से हाजिर हो गए हैं। लेकिन क्या आपको ये फिल्म देखनी चाहिए या स्किप करनी चाहिए, आइए इस रिव्यू में जानते हैं।
क्या है कहानी
अगर आपने कपिल शर्मा की 'किस किसको प्यार करूं' का पार्ट 1 देखा है तो आपको इसके दूसरे पार्ट में कुछ ज्यादा अलग नहीं दिखाई देगा। ये फिल्म शुरू होती है अपने प्यार को पाने की कोशिश में... जहां एक हिंदू लड़का मोहन (कपिल शर्मा) एक मुस्लिम लड़की सान्या (हीरा वरीना) से प्यार करता है और वो उससे शादी करने के लिए धर्म बदलने को भी तैयार हो जाता है। लेकिन उससे शादी करने के चक्कर में वो तीन अलग-अलग धर्मों की लड़कियों से शादी कर बैठता है।
वो किसी को नाराज नहीं करना चाहता और सबको बचाकर रखना चाहता है तो इसलिए भी वो अपनी तीनों शादियों को बचाने की कोशिश करता है। लेकिन इस बीच उसे अपना प्यार सान्या दोबारा मिल जाती है और अब वो सान्या के साथ चौथी शादी करने जा रहा होता है लेकिन तभी तीनों पत्नियों को मोहन की सच्चाई का पता चला जाता है कि उसने मोहन शर्मा बनकर मीरा(Tridha Choudhary) से शादी की, उसने महमूद बनकर रूही (Ayesha Khan) से निकाह किया और माइकल बनकर जेनी(Parul Gulati) से शादी की। अब इस घमासान के बीच उसका क्या हाल होगा ये देखने के लिए तो आपको अपने नजदीकी थिएटर्स में ही जाना होगा।
कैसी है फिल्म
कपिल शर्मा की फिल्म हो और कॉमेडी का तड़का ना लगे तो भला ये कैसे हो सकता है। इस फिल्म की सबसे खास बात ही इसकी कॉमेडी है, वो भी साफ-सुथरी कॉमेडी। कॉमेडी के नाम पर ना तो इस फिल्म में डबल मीनिंग जोक मारे गए हैं और ना ही किसी को नीचा दिखाने की कोशिश की गई है। ये फिल्म पूरी तरह से एक पारिवारिक फिल्म है।
हालांकि, चार शादी करने वाले कॉन्सेप्ट को अगर किनारे कर दिया जाए तो ये फिल्म वाकई आपको हंसाती है और आपको सभी धर्मों के प्रति समान नजरिया रखने का संदेश भी देती है। लेकिन समान नजरिया रखने का मतलब ये तो नहीं होता कि आप सभी धर्मों में जाकर एक-एक दुल्हनिया ले आएं।
ये फिल्म आपको 90 के दशक की गोविंदा की फिल्मों की याद दिलाती है। जिसमें वो कई फिल्मों में दो-दो अफेयर साथ चलाने की कोशिश करते नजर आते थे। इस फिल्म में आपको कई जगहों पर लॉजिक की कमी भी लग सकती है तो अगर आपको इस फिल्म को इंजॉय करना है तो दिमाग को घर पर छोड़कर ही जाना पड़ेगा।
कैसी है एक्टिंग
इस फिल्म में सबने बहुत अच्छा काम किया है। कपिल शर्मा की एक्टिंग में सुधार हुआ है। त्रिधा एक बेहतरीन कलाकार तो हैं हीं। आयशा खान भी स्क्रीन में काफी सुंदर लगी हैं और पारुल गुलाटी का रोल तो इन सबमें सबसे कम रहा है। वहीं, हीरा वरीना की एक्टिंग में जरा भी सुधार नहीं हुआ है, जब-जब उनके डायलॉग्स की बारी आई, उनके एक्सप्रेशन ओवर ही लगे।
इस फिल्म में स्वर्गीय एक्टर असरानी भी नजर आए हैं और वो जब-जब स्क्रीन पर आए, उन्होंने इंप्रेस ही किया। जॉनी लीवर की बेटी जैमी ने इस फिल्म में साबित किया है कि कॉमेडी के मामले में वो अपने पापा से पीछे नहीं रहने वाली हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग भी सटीक और बेहतरीन है।
फाइनल रिव्यू
ये फिल्म के फैमिली फिल्म है, जिसमें कोई अडल्ट सीन नहीं है। इस फिल्म में कई वन लाइनर्स हैं जो आपको हंसा सकते हैं। लेकिन इस फिल्म में पहले पार्ट के मुकाबले कुछ और ट्विस्ट पैदा किए जा सकते थे और कुछ और एंगल निकाला जा सकता था लेकिन सेफ साइड रखते हुए फिल्म को काफी हद तक पहले पार्ट जैसा ही रखा गया है। कुल मिलाकर ये फिल्म वन टाइम वॉच है और आप इसे अपने परिवार के साथ जाकर थिएटर में देख सकते हैं। फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से इस फिल्म को मिलते हैं 3 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications











