Head Over Heels Review: तांत्रिक लड़की और 21 दिन जिंदा रहने वाला लड़का, मस्ती, मिस्ट्री और मोहब्बत का कॉकटेल!

Head Over Heels Korean drama review: अगर आपको टीन रॉमकॉम जैसे जॉनर पसंद है तो 2025 में 'हेड ओवर हील्स' आपके दिल को छूने की कोशिश जरूर करेगी। इस कोरियन ड्रामा में हाई स्कूल रोमांस, तांत्रिक पॉवर्स, आत्माएं और एक टाइम-टिकिंग ट्विस्ट है, जो इसे थोड़ा हटकर बनाता है।
क्या है कहानी
मुख्य किरदार सियोंग-आ (जो यी-ह्यून) एक टीनएज लड़की है जो दिन में पढ़ाई करती है और रात में आत्माओं से बात करने वाली एक जादुई शामन यानी तांत्रिक बन जाती है। उसके पास अद्भुत शक्तियां हैं और साथ ही एक बड़ा दिल भी। उसकी परवरिश उसकी स्पिरिचुअल मदर जनरल डोंगचेन (किम मि-क्यूंग) ने की है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब एक नया स्टूडेंट बे गयोन-वू (चू यंग-वू) उसकी क्लास में आता है- जो सिर्फ 21 दिनों तक ही जिंदा रह सकता है। सियोंग-आ को वो काफी पसंद आता है और इसी नाते वो उसे बचाने का बीड़ा उठाती है और इसी मिशन के दौरान दोनों के बीच प्यार भी पनपता है।
रोमांस पर बुरी आत्मा का साया
गयोन-वू के शरीर में बोंग-सू नाम की एक बुरी आत्मा घुस जाती है, जिसे एक शक्तिशाली शामन और विलेन योम ह्वा (चू जा-ह्यून)- ने 100 लोगों की बलि देकर बुलाया है। कहानी यहीं से और रोमांचक हो जाती है क्योंकि अब सियोंग-आ को नी सिर्फ अपने प्यार को बचाना है, बल्कि इस रहस्यमयी आत्मा से भी लड़ना है।
क्या अच्छा है
इमोशनल गहराई: सियोंग-आ और गयोन-वू का रिश्ता दिल को छूता है। दोनों अपने परिवार से दूर होते हैं लेकिन उनके अंदर के जख्म ही दोनों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं।
जादुई एलिमेंट्स: आत्माएं, शामन की रस्में और रहस्यमयी एनवायरमेंट शो को काफी डिफरेंट बनाते हैं। वैसे तो शामन के कैरेक्टर को कोरियन वेब सीरीज में ज्यादा अच्छा नहीं दिखाया गया है लेकिन इस वेब सीरीज में आपको एक अच्छे दिल वाली शामन के बारे में पता चलेगा।
क्या थोड़ा बेहतर हो सकता था?
धीमी रफ्तार: इस वेब सीरीज के बीच के कुछ एपिसोड थोड़े खिंचे हुए लगते हैं और आपको बीच-बीच में स्किप करने का मन कर सकता है।
विलेन की पकड़: विलेन का बैकस्टोरी दिलचस्प है, मगर उसकी चालें कमजोर पड़ जाती हैं। विलेन को विलेन की एंट्री से पहले जितना खूंखार बताया जाता है, उसकी एंट्री के बाद वो एक नादान सा विलेन नजर आता है। दुष्ट आत्मा से ज्यादा निगेटिव किरदार तो योम ह्वा (चू जा-ह्यून) का होता है, जिसकी वजह से वो दुष्ट आत्मा आजाद होती है।
डर का अभाव: भूतों की मौजूदगी के बावजूद हॉरर का असर हल्का ही रहता है। आपको कहीं भी डर नहीं लगेगा, लेकिन हां भूत पर गुस्सा जरूर आएगा।
फाइनल रिव्यू
'हेड ओवर हील्स' कोई मास्टरपीस नहीं है, लेकिन यह एक दिल को छू लेने वाली, प्यारी और जादुई सीरीज है जो टीन ड्रामा, फैंटेसी और रोमांस के शौकीनों के लिए सही है। इसमें कुछ खामियां जरूर हैं, लेकिन इसका पॉजिटिव मैसेज और इमोशनल टच इसे एक बार देखने लायक बनाता है। अगर आप भूतिया रोमांस और मिस्टिक टीन ड्रामा के फैन हैं, तो 'हेड ओवर हील्स' आपको निराश नहीं करेगा- बस उम्मीदें थोड़ी बैलेंस रखें।


Click it and Unblock the Notifications











