हंसी और मौज-मस्ती का मिश्रण है गोलमाल-3
एक फिल्मी ब्रांड के रूप में विकसित हो चुकी गोलमाल फिर पर्दे पर आ चुकी है। कलाकार वही, कहानी अलग, फुल एंटरटेनमेंट, मौज, मस्ती और कॉमेडी से भरपूर।
निर्देशक: रोहित शेट्टी
निर्माता: ढिलिन मेहता
संगीत: प्रीतम चक्रवर्ती
कलाकार: अजय देवगन, करीना कपूर, अर्शद वारसी, तुषार कपूर, मिथुन चक्रवर्ती, जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, श्रेयस तलपड़े, प्रेम चोपड़ा
स्टार: 2.5
समीक्षा: गोलमाल, गोलमाल रिटर्न और फिर गोलमाल-3। सुनने में ऐसा लगता है कि ये तीनों फिल्में एक दूसरे का हिस्सा हैं, लेकिन नहीं तीनों एक दूसरे से बिलकुल अलग हैं। जी हां गोलमाल-3 में पात्र गोपाल (अजय देवगन), माधव (अर्शद वारसी) और लक्ष्मण (श्रेयस तलपड़े) भले ही पुराने हों, लेकिन कहानी एकदम अलग है। निर्देशक रोहित शेट्टी ने अपनी इस फिल्म में दर्शकों को हंसाने में कहीं भी गोलमाल नहीं किया है।
फिल्म के पहले सीन से आखिरी तक कॉमेडी है, लेकिन बीच में कहानी थोड़ी बोझिल हो गई है, जिस कारण हंसी भी उबाऊ लग सकती है, लेकिन यदि आप सिर्फ मनोरंजन के लिए फिल्म देखने जाएंगे, तो इस सप्ताह यह फिल्म आपके लिए एकदम फिट है। गोलमाल-3 की कहानी में कई नए पात्रों को शामिल किया गया है। यह कहानी है प्रीतम (मिथुन चक्रवर्ती) और गीता (रत्ना पाठक) की। दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन गीता के पिता (प्रेम चोपड़ा) उनकी शादी नहीं होने देते हैं। आगे चलकर दोनों ही अंडरवर्ल्ड की दुनिया में पहुंच जाते हैं और दो अलग-अलग गैंग बना लेते हैं।
दोनों के गैंग में अजय देवगन, करीना कपूर, अर्शद वारसी, श्रेयस तलपड़े, आदि शामिल होते हैं। जब उन्हें पता चलता है कि उनके चीफ एक समय में एक दूसरे से प्रेम करते थे, तो वो उन्हें मिलवाने व एक करने में जुट जाते हैं और सफल होते हैं। कहानी बहुत साधारण है, लेकिन सभी प्रमुख कलाकारों का अभिनय एकदम फिट बैठा है। यही नहीं सहायक कलाकार संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी, मुरली शर्मा और जॉनी लीवर ने खुलकर हंसाया है। कुल मिलाकर यह पैसा वसूल फिल्म है।


Click it and Unblock the Notifications











