Dono Movie Review: राजवीर देओल और पलोमा संग, परिवार, प्यार और शादी का कॉकटेल लेकर आए हैं अवनीश बड़जात्या

निर्देशक- अवनीश बड़जात्या
कलाकार- राजवीर देओल, पलोमा ढिल्लों, आदित्य नंदा, कनिक्का कपूर, रोहन खुराना, पूजन छाबड़ा, माणिक पपनेजा
राजश्री प्रोडक्शन की फिल्में सालों से परिवार और प्यार का ऐसा मिश्रण परोसती आ रही हैं, जिसे दर्शकों का हमेशा प्यार मिला है। 'दोनों' के साथ सूरज बड़जात्या के बेटे अवनीश ने फिल्म इंडस्ट्री में बतौर निर्देशक कदम रखा है। खास बात है कि उनकी कहानी एक मॉडर्न लव स्टोरी होते भी राजश्री के छाप को सहेजे दिखती है। लंबे समय के बाद, बॉलीवुड में एक प्यारी सी, थोड़ी इमोशनल और थोड़ी सिचुएशनल लव स्टोरी आई है।
कहानी
फिल्म की कहानी देव और मेघना के इर्द गिर्द घूमती है, जो अपने टूटे दिल के साथ एक डेस्टिनेशन वेडिंग में थाईलैंड पहुंचे हुए हैं। दोनों की मुलाकात होती है- बतौर दुल्हन का दोस्त और दुल्हे की दोस्त। थोड़ी नोक झोंक के बीच दोनों एक दूसरे के साथ कुछ वक्त गुजारते हैं। हालांकि, दोनों इस खुशनुमा माहौल में भी अपने दिल में छिपी भावनाओं से लड़ रहे हैं.. क्योंकि दोनों के एक्स भी शादी में मौजूद हैं। अपने पुराने प्यार को पीछे छोड़ क्या देव और मेघना आगे बढ़ पाएंगे? क्या उनका टूटा दिल फिर किसी के लिए धड़केगा? इन सवालों के जवाब से बनती है आगे की कहानी।
अभिनय
अभिनय की बात करें तो ये राजवीर देओल और पलोमा की पहली फिल्म है। दोनों ही कलाकारों की स्क्रीन प्रसेंस काफी प्रभावित करती है। खासकर पलोमा अपने हाव भाव और संवाद अदायगी में काफी माहिर दिखती हैं। मेघना के किरदार में वो काफी परफेक्ट नजर आई हैं। वहीं, देव में इमोशनल पक्ष है, जिसे राजवीर ने सही पकड़ा है। लेकिन राजवीर को फिलहाल अपनी डायलॉग डिलेवरी पर काफी काम करने की जरूरत है। सहयोगी कलाकारों ने आदित्य नंदा, कनिक्का कपूर, रोहन खुराना, पूजन छाबड़ा, माणिक पपनेजा ने अच्छा काम किया है। खासकर अलीना के रोल में कनिक्का कपूर बेहद आकर्षक लगी हैं।
निर्देशन व तकनीकी पक्ष
फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष जो है, वो है निर्देशन और सिनेमेटोग्राफी। अवनीश बड़जात्या ने अपनी पहली फिल्म से ही दिखा है कि कहानियों में छिपी इमोशंस को दिखाने में उनकी अच्छी पकड़ है। उन्होंने ही मनु शर्मा के साथ मिलकर फिल्म की कहानी लिखी है। कुछ मायनों में अवनीश की फिल्म राजश्री प्रोडक्शन की पिछली फिल्मों की याद दिलाती है। लेकिन कहना गलत नहीं होगा कि यहां एक नयापन दिखता है.. किरदारों में, कहानी कहने के तरीके में और कैमरावर्क में। कोई शक नहीं कि इस फिल्म से युवा कनेक्ट करेंगे।
फिल्म का फर्स्ट हॉफ काफी तेजी से आगे बढ़ता है और कई दिलचस्प मोड़ आते हैं, जो आपको फिल्म से लगातार जोड़ कर रखते हैं। लेकिन इंटरवल के बाद, कहानी काफी धीमी हो जाती है। फिल्म की एडिटिंग थोड़ी और कसी जा सकती थी। खैर, फिल्म का संगीत अच्छा है, जिसे कंपोज किया है शंकर- एहसान- लॉय ने। टाइटल ट्रैक के अलावा बाकी चार गाने भी आपका ध्यान खींचते हैं। उम्मीद है गानों को मेकर्स द्वारा थोड़ा और प्रमोट किया जाएगा।
रेटिंग
अवनीश बड़जात्या के निर्देशन में बनी, राजवीर देओल और पलोमा ढिल्लों स्टारर फिल्म 'दोनों' एक प्यारी सी, लेकिन इमोशनल लव स्टोरी है। फिल्म में कुछ कमियां हैं, लेकिन यदि आप कुछ हल्की फुल्की रोमांटिक- फैमिली फिल्म देखना चाहते हैं, जो इसे थियेटर में जाकर जरूर देख सकते हैं। इस फिल्म से खासकर युवा जरूर कनेक्ट करेंगे। 'दोनों' को फिल्मीबीट की ओर से 3 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications












