Crew Review: चोर के घर चोरी करती नजर आईं तबू, करीना और कृति, बेबो ने लूट ली सारी लाइमलाइट, कृति पड़ीं फीकी

Star Cast: Tabu, Kareena Kapoor Khan, Kriti Sanon
Director: Rajesh Krishnan
Production:
Crew Review: तबू, करीना कपूर और कृति सैनन स्टारर मूवी, जिसका इनके फैंस को बेसब्री से इंतजार था उसका रिव्यू आ चुका है। 'क्रू' (Crew) में तीनों एक्ट्रेस को पहली बार साथ देखकर हर कोई जानना चाहता है कि इस फिल्म में और फिल्मों से अलग क्या हो सकता है। क्या इस मूवी के लिए आपको अपने पैसे खर्च करके थिएटर्स में जाना चाहिए या नहीं? आइए हमारे इस रिव्यू में जानते हैं...
फिल्म को निधि मेहरा और मेहुल सूरी ने लिखा है। इसे राजेश कृष्णन ने डायरेक्टर किया है। क्रू फिल्म की कहानी तीन औरतों गीता सेठी(तबू), जैस्मीन (करीना कपूर खान) और दिव्या राणा (कृति सेनन) के ईर्द-गिर्द घूमती है। ये तीनों महिलाएं बिलकुल अलग जनरेशन की हैं और इन तीनों महिलाओं के अपने-अपने ख्वाब हैं। लेकिन ये तीनों कुछ भी करके अपनी-अपनी जिंदगियों को सुधारना चाहती हैं।
क्या है फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी तीन एयर होस्टेस की जिंदगी पर है जो मजबूरी कोहिनूर एयरलाइंस के साथ काम कर रही हैं, क्योंकि उनके पास इसके अलावा कोई चारा नहीं है। एयरलाइंस ने छह महीने से किसी की सैलरी नहीं दी है, जिस वजह से एयरलाइंस का हर कर्मचारी परेशान है। एक दिन गीता, जैस्मीन और दिव्या को एयरलाइंस का ही एक बंदा मरा हुआ मिलता है, जो सालों से सोने की स्मगलिंग कर रहा होता है।
इतना सारा सोना देखकर जैस्मीन गीता और दिव्या को सलाह देती है कि उन्हें भी यह सब करना चाहिए और फिर तीन एयर होस्टेस मिलकर दुबई में सोना स्मगल करती हैं। तीनों की जिंदगी में पैसा ही पैसा आ जाता है लेकिन तभी पुलिस को भनक लग जाती है कि तीनों स्मगलिंग करती हैं और पुलिस तीनों को पकड़ लेती हैं। अब आगे गीता, जैस्मीन और दिव्या का क्या हुआ, इसके लिए तो आपको ये फिल्म देखने जाना ही होगा।
फिल्म का पहला हाफ आपको यह समझने में लग जाता है कि कहानी किस बारे में है और दूसरा हाफ आपको दिखाएगा कि तीनों अपनी मंजिल पाने के लिए किस हद तक जा सकती हैं। फिल्म का आखिरी आधा घंटा आपको हर पल हंसाएगा और हैरान भी करेगा।
कैसी है एक्टिंग
क्योंकि इस फिल्म में तीनों ही कमाल की एक्ट्रेस को कास्ट किया गया है तो तीनों ने ही अपना बेस्ट दिया है। लेकिन इन तीनों में से अगर किसी बेस्ट परफॉर्मर की बात की जाए तो वो हैं करीना कपूर। अपनी पंच लाइन, डायलॉग डिलीवरी, एटीट्यूड, नखरे, एक्सप्रेशन सबकुछ... करीना ने अपना फुल ऑन मोड दिखाया है और कई-कई जगह पर तो वो तबू पर भी भारी पड़ी हैं। तबू ने भी फिल्म में कमाल का काम किया है, उनके कई डायलॉग ऐसे हैं जो आपको हंसने पर मजबूर कर देंगे। लेकिन इन सबके बीच कृति की परफॉर्मेंस थोड़ी फीकी लगी। इस फिल्म में उनका लुक भी बाकी फिल्मों जैसा ही था, कुछ अलग नहीं।
इस फिल्म में कपिल शर्मा और दिलजीत दोसांझ ने कैमियो किया है। जहां एक तरफ कपिल शर्मा की एक्टिंग में काफी सुधार हुआ है, वहीं दूसरी तरफ दिलजीत ने भी अपनी एक्टिंग से फिल्म में चार-चांद लगाए हैं।
कैसा है डायरेक्शन
क्रू एक परफेक्ट फिल्म नहीं है, कई जगहों पर इस फिल्म में लूप होल्स हैं लेकिन ये फिल्म की शानदार कहानी और कलाकारों की कमाल की एक्टिंग है, जो आपको फिल्म से बांधे रखेगी। इस फिल्म के कुछ सीन देखने के बाद आपको यह भी लगेगा कि असल जिंदगी में भला ऐसा कैसे हो सकता है।
क्रू का फाइनल रिव्यू
अगर आप एक ऐसी फिल्म की तलाश में हैं, जिसकी कहानी नई और एंटरटेनिंग हो तो आपको ये फिल्म जरूर देखनी चाहिए। इस फिल्म को देखने के बाद आपके दिमाग में करीना के लटके-झटके घर कर जाएंगे और 'चोली के पीछे' का म्यूजिक आप गुनगुनाते हुए नजर आएंगे। इस फिल्म को फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से मिलते हैं 3.5 स्टार रेटिंग।


Click it and Unblock the Notifications