Chandu Champion Review: एक सपने के लिए कुछ भी कर-गुजरने का जज्बा दिखाती है ये फिल्म, कार्तिक की बेस्ट एक्टिंग

Star Cast: Kartik Aaryan, Bhuvan Arora, Vijay Raaz, Shreyas Talpade
Director: Kabir Khan
Chandu Champion Review: कार्तिक आर्यन की मच अवेटेड फिल्म 'चंदू चैंपियन' आखिरकार रिलीज हो गई है। जिस दिन से इस फिल्म का ऐलान हुआ है, तभी से फैंस उस वीर योद्धा की कहानी जानने को बेताब थे, जिसने पहला पैरालंपिक गोल्ड मेडल जीता। तो सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है चंदू चैंपियन और क्या इस फिल्म पर आपको अपना समय और पैसा खर्च करना चाहिए या नहीं, आइए जानते हैं इस रिव्यू में...
क्यों हैं नाम चंदू चैंपियन
चंदू चैंपियन की कहानी महाराष्ट्र के एक छोटे से गांव में रहने वाले मुरली पेटकर (कार्तिक आर्यन) के बारे में है। चंदू खशाबा दादासाहेब जाधव (स्वतंत्र भारत के पहले ओलंपिक पदक विजेता) की जीत और जिस तरह से लोगों ने उनका स्वागत सत्कार किया उसे देखकर फैसला करता है कि वह भी चैंपियन बनेगा और गोल्ड मेडल जीत कर लाएगा। मुरली का ये सपना लोगों के लिए हंसी का कारण बन जाता है और पूरे गांव में सब लोग उसका मखौल उड़ाते हैं और मजाक-मजाक में उसे चंदू चैंपियन कहने लग जाते हैं।
क्या है कहानी
ये फिल्म एक ऐसे हीरो की कहानी है, जिसने देश के लिए इतना कुछ किया लेकिन उसे भुला दिया गया। सालों बाद जब वो अपने लिए अर्जुन अवॉर्ड की अर्जी देने जाता है तो उसकी कहानी के बारे में सरकार और देश को पता चलता है।
ये कहानी है एक ऐसे हीरो की, जिसने बचपन से सिर्फ एक ही सपना देखा-गोल्ड मेडल जीतने का। मुरली के रास्ते में कई रुकावटें आईं लेकिन वो हर रुकावट को पार करता चला गया और अंत में अपने सपने को जीत गया। मुरली का भगवान से भी लव-हेट रिलेशनशिप दिखाया है। वह तब बच गया जब उसे उम्मीद नहीं थी कि वह बच जाएगा और जब उसे अपनी बर्बादी की कम से कम उम्मीद थी, तब वह तबाह हो गया। हालांकि, उसने कभी हार नहीं मानी।
कहानी का पहला हाफ मस्ती से भरपूर है। आपको कई जगहों पर हंसी आएगी मुरली और जरनैल की दोस्ती भी खूब गुदगुदाएगी। पहले हाफ में मुरली का भी एक अलग अंदाज देखने को मिलता है। लेकिन दूसरे हाफ में कहानी बिलकुल बदल जाती है। हंसता-खिलखिलाता मुरली अब खुद की पहचान के लिए जंग लड़ता हुआ दिखाई देता है। अपने सपने के लिए जान की बाजी लगाने को तैयार दिखता है।
कैसी है एक्टिंग
फिल्म के लीड एक्टर कार्तिक आर्यन ने इस फिल्म के लिए जी-तोड़ मेहनत की है और ये इस फिल्म को देखकर साफ पता लग रहा है। उन्होंने अपने शरीर में भारी शारीरिक बदलाव किए हैं। उन्होंने कड़ी ट्रेनिंग की है और साथ ही मुरलीकांत पेटकर के कैरेक्टर को जीया है। फिल्म में मुरली के दोस्त जनरैल सिंह (भुवन अरोड़ा) ने भी बेहतरीन काम किया है, वो हर मौके पर मुरली का साथ देते नजर आए हैं। इस फिल्म में जिसने चंदू की जर्नी को मुकाम तक पहुंचाने का काम किया है तो वो है- टाइगर अली, जिसका रोल निभाया है विजय राज ने। उन्होंने एक स्ट्रिक्ट ट्रेनर का रोल किया है और वो अपने किरदार में बिलकुल फिट बैठे हैं। फिल्म में श्रेयस तलपड़े, राजपाल यादव, यशपाल शर्मा और सोनाली कुलकर्णी भी हैं, जिन्होंने अपने रोल के साथ जस्टिस किया है।
कैसा है डायरेक्शन
अगर इस फिल्म वन ऑफ द बेस्ट बायोपिक कहें तो गलत नहीं होगा। लेकिन फिल्म देखते हुए आपको लगेगा कि आप भाग मिल्खा भाग और फॉरेस्ट गंप देख रहे हैं। लेकिन इंटरवल के बाद की कहानी कबीर खान के परफेक्शन और उनके जादू को बखूबी दिखाती है।
फाइनल रिव्यू
अगर आप स्पोर्ट्स लवर हैं और ऐसी कहानियां आपके मन में जज्बा भर देती हैं तो आपको ये फिल्म जरूर देखनी चाहिए। इस फिल्म में कार्तिक ने बेहतरीन काम किया और एक्टिंग के मामले में भी वो कुछ अलग करते नजर आए हैं। लेकिन म्यूजिक के मामले में आपको थोड़ी निराशा मिल सकती है। फिल्म जितनी दमदार है उसके गाने इतने शानदार नहीं हैं। इस फिल्म को फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से मिलती है 3.5 रेटिंग।


Click it and Unblock the Notifications











