Be Happy Movie Review: अभिषेक बच्चन ने दिया अपना बेस्ट परफॉर्मेंस, बाप-बेटी की जोड़ी रोने पर करेगी मजबूर!

Cast: Abhishek Bachchan, Inayat Verma, Nassar, Nora Fatehi, Johny Lever
Director: Remo D'Souza
Be Happy Movie Review: अभिषेक बच्चन इन दिनों अपन फिल्मों को लेकर काफी चूजी हो गए हैं और ये दिखाती है उनकी हालिया रिलीज फिल्म Be Happy... ये फिल्म सिखाती है कि हालात चाहे जो भी हों लेकिन हमेशा Be Happy...
क्या है कहानी
इस फिल्म की कहानी एक पिता के ऊपर है जिसने कई साल पहले अपनी बीवी को एक एक्सीडेंट में खो दिया था। पत्नी के जाने के बाद उस शख्स के परिवार में बस उसकी बेटी और ससुर ही बचे हैं और वो अपने इस बचे हुए परिवार के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार है लेकिन उसकी खुशी, उसकी हैप्पीनेस भी पत्नी की मौत के साथ चली गई।
कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब इस गुमसुम शख्स की बेटी अपने डांसिंग के सपने को पूरा करने के लिए मुंबई जाने की जिद करती है। बड़ी मशक्कत और मेहनतों के बाद वो शख्स अपने कंफर्ट जोन को छोड़कर मुंबई पहुंचता है ताकि उसकी बेटी का सपना पूरा हो सके। लेकिन बेटी का सपना पूरा करते-करते एक बड़ी मुसीबत खड़ी हो उठती है और ये बाप-बेटी की जोड़ी कैसे इस मुसीबत से निपटती है और कैसे अपनी जिंदगी की खुशियों को हासिल करती है... ये फिल्म यही सिखाती है।
इस फिल्म में सिंगल फादर शिव रस्तोगी का किरदार निभा रहे हैं अभिषेक बच्चन और उनकी बेटी धारा का रोल निभा रही हैं इनायत वर्मा। धारा की डांस टीचर मैगी का रोल निभा रही हैं नोरा फतेही और धारा के नाना का रोल निभा रहे हैं, साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार नासर।
कैसी है फिल्म
फिल्म की कहानी एक बाप-बेटी के रिश्ते पर है। जहां पहले बाप अपनी बेटी को अपने बताए गए रास्ते पर चलवाने की कोशिश करता है लेकिन बाद में वो खुद अपनी बेटी के लिए उसके सपनों को जीना शुरू कर देता है। फर्स्ट हाफ में थोड़ी हंसी है और पैशन है लेकिन सैकेंड हाफ काफी इमोशनल है। ये बात तो तय है कि सैकेंड हाफ में आप भी अपने आंसू रोक नहीं पाएंगे।
कैसी है एक्टिंग
फिल्म में सब एक्टर्स ने कमाल का काम किया है। बी हैप्पी में अभिषेक बच्चन का एक अलग ही रंग देखने को मिला है और वो कमाल के एक्टर लगे हैं। लेकिन इनायत वर्मा ने इस फिल्म में अपने डायलॉग से तो जान ही डाल दी है। नासर जब-जब स्क्रीन पर आए कमाल ही लगे। वहीं नोरा फतेही बीच-बीच में कहीं अपने कैरेक्टर की पकड़ खोती नजर आईं लेकिन उन्होंने भी अपनी एक्टिंग के लिए मेहनत की है, यह कहना गलत नहीं होगा। फिल्म में जॉनी लिवर भी नजर आए और अपने जरा से रोल में भी उन्होंने अपना इंपैक्ट डालने की कोशिश की है।
कैसा है डायरेक्शन
इस फिल्म का डायरेक्शन रेमो डिसूजा ने किया है और कहना पड़ेगा कि उन्होंने एक बेहतरीन फिल्म डायरेक्ट की है। रेमो हमेशा डांस को इमोशन से जोड़ने के लिए देखे जाते हैं और इस फिल्म में भी उन्होंने यही किया है। रेमो ने इस फिल्म को बहुत बारीकी से डायरेक्ट किया है और ये उनकी बेस्ट फिल्मों में से एक है।
फाइनल रिव्यू
अभिषेक बच्चन का अगर आप बेहतरीन काम देखना चाहते हैं तो ये फिल्म आपको जरूर देखनी चाहिए। ये फिल्म बाप-बेटी के रिश्तों को और गहरा करने का दम रखती है। अभिषेक और इनायत की जोड़ी इस फिल्म में बेमिसाल है। फिल्म के गाने भी काफी अच्छे हैं, जो हालातों पर सटीक बैठते हैं। फिल्मीबीट हिंदी की तरफ से इस फिल्म को मिलते हैं 4 स्टार।


Click it and Unblock the Notifications













