पेइंग गेस्ट: घर ढूढने की कवायद
निर्माता : सुभाष घई, राजू फारुकी
निर्देशक : पारितोष पेंटर
गीत : शब्बीर अहमद, जलीस शेरवानी
संगीत : साजिद-वाजिद
कलाकार : श्रेयस तलपदे, सेलिना जेटली, आशीष चौधरी, रिया सेन, जावेद जाफरी, नेहा धूपिया, चंकी पांडे, सयाली भगत, वत्सल सेठ, जॉनी लीवर, पेंटल, असरानी
सुभाष घई की मुक्ता आर्टस के बैनर तले बनी फिल्म पेइंग गेस्ट पारितोष पेंटर के सुपरहिट नाटक 'पेइंग गेस्ट" पर आधारित है। पहले फिल्म का नाम चार यार था। 'पेइंग गेस्ट" का निर्देशन पारितोष पेंटर ने ही किया है, जिन्होंने 'धमाल" जैसी हिट फिल्म का स्क्रीन प्ले लिखा था।
घर किराए पर लेने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते। इस विषय पर कई फिल्मों में हास्य रचा गया है और एक बार फिर 'पेइंग गेस्ट" में यह विषय देखने के लिए तैयार हो जाइए।
चार युवा (श्रेयस तलपदे, जावेद जाफरी, आशीष चौधरी और वत्सल सेठ) मौज-मस्ती के साथ जिंदगी जीना पसंद करते हैं। किराए का घर ढूँढने में इन्हें अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
घर की तलाश करते हुए इनकी मुलाकात मकान मालिक बल्लू (जॉनी लीवर) से होती है। बल्लू को ये इस बात के लिए राजी कर लेते हैं कि वे उसके घर में पेइंग गेस्ट बनकर रहेंगे।
बल्लू उनके आगे भारी-भरकम शर्त रख देता है। वो उन्हें पेइंग गेस्ट रखने के लिए तैयार है, लेकिन युगल या जोड़े के रूप में। शर्त सुनकर चारों का दिमाग घूमने लगता है। वे ठहरे कुआँरे, पत्नी कहाँ से लाएँगे?
इस शर्त को पूरा करने के चक्कर में शुरू होता है हास्य घटनाक्रमों का सिलसिला।


Click it and Unblock the Notifications











