मेरे ख्वाबों में जो आए

फिल्म की कहानी माया (राइमा सेन) के इर्द-गिर्द घूमती है। इस फिल्म की खास बात यह है कि अब तक एक्शन फिल्में करते आ रहे रणदीप हुड्डा ने इसमें अपने फिल्मी चरित्र (जय) के अलावा 18 अलग-अलग चरित्रों को जिया है। रणदीप का दावा है कि बॉलीवुड में अभी तक किसी अभिनेता ने एक फिल्म में इतने चरित्रों को नहीं जिया है।
इस फिल्म में रणदीप ने अमिताभ बच्चन, धर्मेद्र, जेम्स बांड, जोरा, हंफरे बोगार्ट, एल्विस प्रिंसले, एक पुलिस अधिकारी, संगीत गुरु और एक मॉडल की भूमिका अदा की है।
निर्देशिका मधुरिता ने कहा कि यह फिल्म आम लोगों पर आधारित है लेकिन इसकी कहानी बिल्कुल अलग नहीं है। इसकी खासियत यह है कि इसमें दिल्ली के लहजे और दिल्ली के माहौल की खुशबू है। जाहिर तौर पर यह फिल्म दिल्ली पर आधारित है।
फिल्म में अरबाज खान भी हैं लेकिन उनकी भूमिका बहुआयामी नहीं है। फिल्म के तीन प्रमुख किरदार उन लोगों का प्रतिनिधित्व करते नजर आएंगे, जिन्होंने अपने जीवन में ख्वाब संजोए हैं और उन्हें पाने के लिए कठिन मेहनत भी की है।
फिल्म का संगीत भी कर्णप्रिय है। ललित पंडित ने जावेद अख्तर के लिखे बोलों के साथ भरपूर इंसाफ करने की कोशिश की है जबकि अलका याज्ञिक, शान, श्रेया घोषाल, अनुष्का मनचंदा और कैरोलिसा मोंटेइरो ने अपनी आवाज से इनमें मधुरता घोलने का पूरा प्रयास किया है।
वर्ष 2009 में पीवीआर फिल्म्स लिमिटेड की पहली प्रस्तुति के तौर पर 'मेरे ख्वाबों में जो आए' टिकट खिड़की पर कितना धमाल मचाएगी यह छह फरवरी को पता चल जाएगा लेकिन पीवीआर लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक संजीव बिजली का दावा है कि दर्शक इस फिल्म का लुत्फ जरूर उठाएंगे क्योंकि यह उनकी ड्रीम परियोजनाओं में से एक है और इसे बड़ी शिद्दत से बनाया गया है।


Click it and Unblock the Notifications











