आतंक पर बुनी प्रेम कहानी है 'कुर्बान'
20 नवंबर को रिलीज हो रही कुर्बान के चर्चे हैं। इस फिल्म के चर्चों की मुख्य वजह सैफू और बेबो की रियल लाइफ जोड़ी और बेबो के बैकलेस पोस्टर पर शिवसेना द्वारा किया गया हंगामा रहा। खैर इस तरह के स्कैंडल्स फिल्म को पब्लिसिटी तो देते ही हैं। शायद इसीलिए फिल्म के प्रोड्यूसर करन जौहर ने इस मसले पर चुप्पी साध रखी है।
कुर्बान आतंकवाद के बैकग्राउण्ड पर बनी लव स्टोरी है। फिल्म के निर्देशक रेन्सिल डिसल्वा इसे गंभीर फिल्म नहीं मानते। उन के मुताबिक ये फिल्म आतंकवाद पर बेस्ड जरूर है पर फिल्म में आप कल्पना की उड़ान महसूस करेंगे न कि तथ्यों का भारीपन।
कुर्बान की स्टार कास्ट के दो सितारे तो सैफ और करीना हैं ही पर इन के अलावा फिल्म में मंजे हुए कलाकारों की भीड़ है। विवेक ओबेराय, दीया मिर्जा, ओम पुरी और किरण खेर फिल्म में अन्य भूमिकाओं में रहेंगे।
कुर्बान की कहानी अवंतिका (करीना) के यूएस से दिल्ली वापस लौटने के साथ शुरू होती है। अवंतिका अपने पिता को देखने आयी है। दिल्ली में उसकी मुलाकात एहसान (सैफ) से होती है। सैफ प्रोफेसर है। दोनो का प्रेम परवान चढ़ता है। इसके बाद दोनों शादी कर यूएस वापस लौट जाते हैं।
यहाँ से कहानी में मोड़ आता है। अवंतिका को समझ में आता है कि उसे एहसान ने ट्रैप किया है, एहसान के लिए अवंतिका यूएस आने की चाभी भर थी। अवंतिका खुद को आतंकी एहसान की गिरफ्त में अपने ही घर में नजरबंद पाती है।
इस के बाद की कहानी गोपनीय है। जिसका पर्दाफाश फिल्म की रिलीज के बाद होगा। करीना और सैफ के लवमेकिंग सीन्स की तरह फिल्म भी उछलेगी या औंधे मुँह जमीन पर गिरेगी, ये तो आप खुद बताएंगे 20 के बाद।


Click it and Unblock the Notifications











