हिरोइन प्रिव्यू- लाखों की भीड़ में भी तन्हा सुपरस्टार की कहानी
हिरोइन फिल्म के बारे में बताते हुए करीना काफी भावुक हो उठती हैं क्योंकि इस फिल्म की किरदार माही से करीना अपने आप को काफी जुड़ा हुआ महसूस करती हैं। यहां तक की इस फिल्म को देखने के बाद करीना की आंखों से आंसू भी बह चुके हैं। मधुर भंडाकर ने एक बार फिर से महिला प्रधान फिल्म बनाई है। हिरोइन फिल्म की कहानी है एक ऐसी सुपरस्टार की जो अपनी जिंदगी की उलझनों में उलझ कर अपना करियर दांव पर लगा देती है और लाखों की भीड़ से घिरी रहने वाली ये सुपरस्टार घिर जाती है तन्हाइयों से और अकेलेपन से।
कहानी- हिरोइन फिल्म की कहानी माही के इर्द गिर्द घूमती है जो की सुपरस्टार है। वो खूबसूरत है मशहूर है और सफल है। लेकिन माही की निजी ज़िदगी उसकी इस बाहरी जिंदगी से काफी अलग है। वह काफी मूडी, असुरक्षित और अकेली है। माही की जिंदगी में खुशी की केवल एक वजह है और वो है उसके साथ के सुपरस्टार अर्जुन रामपाल का प्यार। माही कुछ भी करके अपने प्यार को पाना चाहती है और उसकी ये चाहत उसके करियर के ग्राफ को काफी नीचे पहुंचा देती है। उसका करियर और उसकी ज़िंदगी ऐसे अंधेरे से घिर जाती है जहां वो खुद को भी नहीं देख पाती और जहां वो सही और गलत का भी भेद खो देती है।
करीना ने इस फिल्म के लिए काफी मेहनत की है और उनका मानना है कि ये फिल्म उनके करियर की सबसे बेहतरीन फिल्म होगी। मधुर भंडारकर ने इससे पहले स्टारडम और असल जिंदगी को लेकर पहले ही पेज 3 और फैशन जैसी फिल्में बनाई हैं और इन फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर काफी पसंद भी किया गया है। हिरोइन से भी मधुर को काफी उम्मीदें हैं। दूसरी तरफ करीना ने इस फिल्म में काफी बिंदास और लीक से हटकर एक्टिंग की है। अब देखना है कि हीरोइन फिल्म करीना के करियर ग्राफ को कितनी ऊंचाई देती है।
संगीत- हिरोइन फिल्म में सलीम-सुलेमान ने संगीत दिया है। फिल्म का गाना हल्कट जवानी फास्ट गाने पसंद करने वालों का काफी पसंद आ रहा है और इस वक्त ये टॉप के गानों में है, दूसरी तरफ सॉफ्ट गाने पसंद करने वालों के लिए भी फिल्म में कई ट्रैक्स हैं।
कुल मिलाकर फिल्म के अब तक के रिस्पांस से यही लगता है कि मिस करीना की मिसेज करीना बनने से पहले ये आखिरी फिल्म काफी धमाल मचाने वाली है और साथ ही करीना के फिल्मी करियर को भी एक अवार्ड विनिंग फिल्म देने वाली है।


Click it and Unblock the Notifications












