जंगली बिल्ली रोमा और डॉन में होगा मुकाबला

निर्माता : फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी, शाहरुख खान
निर्देशक : फरहान अख्तर
संगीत : शंकर अहसान लॉय
कलाकार : शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा, लारा दत्ता, बोमन ईरानी, ओम पुरी, कुणाल कपूर
रिलीज डेट : 23 दिसंबर 2011
पांच साल पहले पुलिस द्वारा बिछाए गए जाल में डॉन यानि शाहरुख खान ने खुद को पुलिस से बचा लिया। पुलिस जिसे पान चबाने वाला सीधा सादा विजय समझ रही थी, दरअसल वो ही डॉन था। चोर-पुलिस के खेल में डॉन ने पुलिस को मात दे दी। लगभग 5 साल से डॉन को पुलिस तलाश कर रही है। इस फिल्म में प्रियंका, शाहरूख, लारा दत्ता, बोमन इरानी ने काम किया है।
रोमा (प्रियंका चोपड़ा) जिसे डॉन 'जंगली बिल्ली' कहकर पुकारता है, अभी भी अपने भाई रमेश की हत्या का बदला डॉन से लेना चाहती है। वह डॉन जैसे दिखने वाले विजय के प्यार के चक्कर में पड़ गई थी और यह जानकर चकित रह गई कि वह विजय नहीं डॉन है। इस कहानी में वह इंटरपोल में शामिल हो चुकी है और डॉन को पकड़ने की योजना का अहम हिस्सा है।
एशिया के बाद डॉन की नजर अब यूरोप पर है। कुआलालम्पुर से उसका एक्शन अब बर्लिन शिफ्ट हो गया है। यूरोप में वह किसी भी कीमत पर अपना दबदबा बनाना चाहता है। इसके लिए वह अपने रास्ते में आने वाले हर शख्स को हटाने के पहले सोचेगा भी नहीं। पुलिस और डॉन की लुकाछिपी का मजा फिर देखने को मिलेगा 'डॉन 2' में।
फरहान अख्तर की बतौर निर्देशक फिल्म पांच साल बाद आ रही है। डॉन- द चेज़ बिगिन्स अगेन का सीक्वल डॉन 2 भी उन्होंने ही बनाया। पिछली फिल्म रीमेक थी और इस बार डॉन 2 में एक नई कहानी देखने को मिलेगी। दिल चाहता है , लक्ष्य और डॉन जैसी फिल्में बना चुके फरहान को फिल्म माध्यम की अच्छी समझ है। डॉन 2 के ट्रेलर्स दर्शकों को पसंद आ चुके हैं। देखते है कि पूरी फिल्म कैसी लगती है।


Click it and Unblock the Notifications











