बर्फी प्रिव्यू- एक खामोश प्रेम कहानी
कहते हैं कि प्यार का इजहार करने के लिए लफ्जों का होना बहुत जरुरी है लेकिन जो बेजुबां हैं आखिर वो अपने प्यार का इजहार कैसे करते हैं? ये सोच शायद आप भी एक पल को सोच में पड़ जाएंगे लेकिन अब ये सोचने की जरुरत नहीं बस इंतजार करिये इस शुक्रवार 14 सितंबर का जब प्रियंका चोपड़ा और रणबीर कपूर की खामोश प्रेम कहानी 'बर्फी' सिनेमाहॉल में रिलीज होगी।
बर्फी फिल्म की कहानी एक नेपाली लड़के मर्फी (रणबीर कपूर) के इर्द गिर्द घूमती है जो कि गूंगा और बहरा है। उसे लोग मर्फी की जगह बर्फी कहतर पुकारते हैं। मर्फी अपनी शरारतों और प्यार भरी हरकतों के चलते सबका चहेता होता है। प्रिंयका चोपड़ा ने एक दिमागी रुप से बीमार लड़की झिलमिल की भूमिका निभाई है। दूसरी तरफ इलियाना डीक्रूज ने श्रुती का किरदार निभाया है जो कि एक नैरेटर है। फिल्म में मर्फी झिलमिल और श्रुति के बीच एक खामोश लेकिन बहुत ही स्पेशल रिश्ता दिखाया गया है। इस रिश्ते में किस तरह उतार चढ़ाव आते हैं, दोस्ती और प्यार के बीच किस तरह ये तीनों अपनी जिंदगी को बड़ी ही खूबसूरती और प्यार के साथ गुजारते हैं इसी को निर्देशक ने बड़ी ही खूबी से फिल्माया है।
फिल्म में प्रीतम ने संगीत दिया है और अनुराग बासु ने फिल्म का निर्देशन किया है। रणबीर का ये किरदार अब तक की उनकी सभी फिल्मों से अलग है। प्रिंयका चोपड़ा का भी मानना है कि ये फिल्म उनके दिल के बेहद करीब है क्योंकि इस फिल्म की कहानी बहुत ही स्पेशल लोगों की कहानी है। हम सोचते हैं कि ये लोग बेबस हैं लाचार हैं लेकिन असल में इनकी भी एक दुनिया है जहां ये लोग हम आम इंसानों से भी ज्यादा खुश हैं क्योंकि इन्हें अपने चारों तरफ हो रही बुराईयों का पता ही नहीं है।
इससे पहले ही 'कोशिश' नाम से एक फिल्म जिसमें संजीव कुमार और जया बच्चन ने मुख्य किरदार निभाया था रिलीज हुई थी जिसमें दोनों किरदार गूंगे और बहरे थे लेकिन उनकी जिंदगी में कोई गम नहीं था। वो अपने प्यार का इजहार भी बड़ी ही खूबसूरती से करते हैं और अपनी पूरी जिंदगी एक आम इंसान की तरह व्यतीत करते हैं। फिल्हाल बर्फी की कहानी भले ही इस फिल्म से मिलती जुलती हो लेकिन बर्फी को देखने के बाद आप को भी इन लोगों की जिंदगी से प्यार हो जाएगा क्योंकि जिस तरह बर्फी मीठी होती है उसी तरह इन स्पेशल लोगों की प्यार भरी कहानी भी बहुत ही मीठी है।


Click it and Unblock the Notifications












