ज़रीन खान की मां अस्पताल में हुईं भर्ती, एक्ट्रेस ने फैंस से कहा- 'अपनी दुआओं में याद करें'
अभिनेत्री ज़रीन खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए फैंस को ईद की और जन्मदिन की बधाइयों के लिए धन्यवाद किया। साथ ही देरी से प्रतिक्रिया देने का कारण बताया है। हाल ही में अभिनेत्री ने अपने दादाजी को खोया है। वहीं, अब जरीन की मां का स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है।
जरीन ने पोस्ट में बताया कि पिछले डेढ़ महीने से उनकी मां का स्वास्थ्य परेशानियों का सामना कर रही हैं और अस्पताल में भर्ती हैं इसीलिए वो व्यस्त हैं। मां की बेहतर स्वास्थ्य के लिए एक्ट्रेस ने फैंस से दुआ करने की अपील की है।

जरीन ने पोस्ट में लिखा- "मुझे पता है कि मुझे थोड़ी देर हो गई है, लेकिन मेरे जन्मदिन और ईद के लिए आपने जो प्यार और शुभकामनाएं भेजी हैं, उसके लिए आप सभी का धन्यवाद। मुझे खेद है कि मैं व्यक्तिगत रूप से हर किसी के मैसेज का जवाब नहीं दे पा रही हूं।"
उन्होंने आगे लिखा- "मैं पिछले डेढ़ महीने से अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर व्यस्त हूं क्योंकि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और बार- बार उनका अस्पताल आना जाना हो रहा है। वर्तमान में, वह फिर से अस्पताल में भर्ती हैं और मैं आप सभी से निवेदन करती हूं कि आप सभी उन्हें अपनी दुआओं में याद करें, ताकि वो जल्दी से स्वस्थ हो जाएं।"
जरीन हाल ही में अरमान मलिक और नीति मोहन के म्यूजिक वीडियो 'प्यार मांगा है' में नजर आई थीं। हाल ही में जरीन की फिल्म 'हम भी अकेले तुम भी अकेले' रिलीज हुई है। हिंदी के अलावा वह पंजाबी और तेलुगू सिनेमा में भी काम कर रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications












