इतिहास रचने के बाद Zakir Khan ने दिया फैंस को झटका, स्टेज से बनाई दूरी, कहा- 'इससे पहले कि देर हो जाए...'

Zakir Khan health update: स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने पिछले दिनों इतिहास रच दिया था। वो अमेरिका के टाइम स्क्वायर पर हिंदी में परफॉर्म करने वाले पहले हिंदी स्टैंडअप कॉमेडियन बन गए। लेकिन इस बड़ी उपलब्धि के बाद उन्होंने फैंस को बड़ा झटका दिया है।
जाकिर खान ने बताया कि लगातार चलते टूर और अनियमित शेड्यूल की वजह से उनकी सेहत बिगड़ गई है, इसी वजह से अब वह कुछ समय के लिए ब्रेक ले रहे हैं।
क्यों हुई तबीयत खराब
38 साल के जाकिर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि वो पिछले एक साल से ठीक महसूस नहीं कर रहे थे। फिर भी शो करना जरूरी था इसलिए वह काम करते रहे। उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों से वह लगातार टूर पर हैं और इस दौरान दिन में 2-3 शो करना, कम नींद लेना, सुबह-सुबह फ्लाइट पकड़ना और समय पर खाना ना मिलना उनकी सेहत के लिए ठीक नहीं रहा।
जाकिर ने साफ कहा कि उन्हें स्टेज पर परफॉर्म करना बेहद पसंद है, लेकिन अब शरीर को आराम देना जरूरी है। उन्होंने माना कि काम करते-करते उन्होंने अपनी सेहत को नजरअंदाज किया, लेकिन अब देर होने से पहले अपनी सेहत को अहमियत देना जरूरी है।
नया टूर 'Papa Yaar'
हालांकि जाकिर ने अपने फैंस को निराश नहीं किया। उन्होंने ऐलान किया कि उनका नया टूर 'Papa Yaar' अक्टूबर से शुरू होगा। इस बार वह कम शहरों में ही शो करेंगे और इसके बाद लंबा ब्रेक लेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार इंदौर में शो नहीं होगा, लेकिन फैंस चाहे तो भोपाल में उनका परफॉर्मेंस देख सकते हैं।
कब और कहां होंगे शो
जाकिर का 'Papa Yaar' टूर 24 अक्टूबर से शुरू होकर 11 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान वह वडोदरा, अहमदाबाद, दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता, भोपाल, उदयपुर, जोधपुर और मंगलुरु जैसे शहरों में परफॉर्म करेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही इस बार शो की संख्या कम है, लेकिन हर परफॉर्मेंस को वह खास और यादगार बनाने की कोशिश करेंगे। वहीं, फैंस भी अब जाकिर खान के मजेदार किस्सों और चुटकुलों का इंतजार कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications












