Zakir Khan Break: जाकिर खान ने स्टैंडअप कॉमेडी से लिया लंबा ब्रेक, अलविदा कहते हुए हेल्थ के साथ बताया ये कारण
Zakir Khan Announces Break: पॉपुलर स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने कॉमेडी से लंबे ब्रेक का ऐलान कर अपने फैंस को चौंका दिया है। उन्होंने साफ किया है कि यह फैसला उनकी सेहत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और वह अगले चार से पांच साल तक स्टेज से दूर रह सकते हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों के बीच हलचल मच गई है।

इन दिनों जाकिर खान अपने चर्चित स्टैंड-अप शो 'स्पेशल पापा यार' के साथ देश के अलग-अलग शहरों में परफॉर्म कर रहे हैं। इसी टूर के दौरान हैदराबाद में हुए एक शो में उन्होंने स्टेज से अपने फ्यूचर प्लान्स साझा किए। जाकिर ने दर्शकों से कहा कि वह बहुत लंबे ब्रेक पर जाने का मन बना चुके हैं, जो 2028-29 या फिर 2030 तक भी खिंच सकता है। इस दौरान वह अपनी सेहत पर फोकस करेंगे और कुछ निजी मामलों को सुलझाएंगे।
सोच समझकर लिया फैसला
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि दर्शकों का प्यार उनके लिए बेहद खास है और हर शो उनके दिल के करीब है। फैंस का शुक्रिया अदा करते हुए जाकिर ने यह भी साफ किया कि यह फैसला अचानक नहीं, बल्कि सोच-समझकर लिया गया है।
जाकिर खान का पोस्ट
इस ऐलान के बाद जाकिर खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए भी अपने ब्रेक को लेकर संकेत दिया। दुबई पहुंचने के बाद उन्होंने लिखा कि 20 जून तक होने वाला हर शो एक तरह से सेलिब्रेशन है। उन्होंने फैंस से अपील की कि जिन शहरों में वह इस बार नहीं पहुंच पाएंगे, वहां के लोग थोड़ी मेहनत करके शो देखने जरूर आएं।
सेहत को लेकर की खुलकर बात
गौरतलब है कि जाकिर खान इससे पहले भी अपनी सेहत को लेकर खुलकर बात कर चुके हैं। साल 2025 में उन्होंने बताया था कि वह एक साल से ज्यादा समय तक ठीक महसूस नहीं कर रहे थे, इसके बावजूद लगातार काम करते रहे। उन्होंने अपनी खराब सेहत के लिए लंबे समय तक बिना रुके टूर करना, रोज दो-तीन शो करना, नींद की कमी, लगातार यात्राएं और अनियमित खान-पान को जिम्मेदार ठहराया था।
अब एक बार फिर जाकिर खान ने साफ कर दिया है कि वह इस बार खुद को वक्त देना चाहते हैं। फैंस भले ही उन्हें स्टेज पर मिस करेंगे, लेकिन उनकी सेहत को लेकर लिए गए इस फैसले को समझते हुए उन्हें सपोर्ट भी कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











