यू ट्यूब ने दिलवाई हॉलीवुड फ़िल्म

उरुग्वे के एक फ़िल्म निर्माता ने नवंबर, 2009 में यू ट्यूब पर एक लघु फ़िल्म अपलोड की और इसी के आधार पर उन्हें हॉलीवुड से फ़िल्म बनाने का तीन करोड़ डॉलर (लगभग 150 करोड़ रुपयों) का एक प्रस्ताव मिला है.
इस फ़िल्म को निर्देशक सैम राइमी प्रायोजित करेंगे जिन्होंने स्पाइडरमैन और एविल डेड जैसी फ़िल्में बनाई हैं.
फ़ेडे अल्वारेज़ की इस लघु फ़िल्म 'अटाक़े डी पैनिको' जिसका अंग्रेज़ी अनुवाद 'पैनिक अटैक' है, में विशालकाय रोबोटों को दर्शाया गया है जो उरुग्वे की राजधानी मॉन्टेवीडियो को नष्ट कर देते हैं.
चार मिनट 48 सेकेंड की इस फ़िल्म को बनाने में कुल 300 डॉलर (15 हज़ार रुपए) का ख़र्च आया है.
यू ट्यूब पर अब तक इसे 15 लाख से अधिक लोगों ने देखा है.
फ़ेडे अल्वारेज़ ने बीबीसी को बताया, "मैंने गुरुवार को यह फ़िल्म यू ट्यूब पर डाली और सोमवार को मेरे पास ईमेल के ज़रिए हॉलीवुड प्रस्तावों का ढेर लग चुका था."
वे कहते हैं, "यह अदभुत था, हम सब चकित थे."
फ़िल्म का जो प्रस्ताव अल्वारेज़ को मिला है वह एक विज्ञान कथा होगी जिसकी शूटिंग उरुग्वे और अर्जेंटीना में की जाएगी.
उनका कहना है कि वे इसके लिए नए सिरे से एक कहानी तैयार करेंगे.
उनका कहना है, "यदि कोई निर्देशक अपनी फ़िल्म यू ट्यूब में डालकर यह हासिल कर सकता है, तो इसका मतलब है कि ऐसा कोई भी कर सकता है."
यू ट्यूब ने हाल ही में 2009 में सबसे अधिक देखे गए वीडियो की एक सूची जारी की है. इसके अनुसार ब्रिटेन हैज़ गॉट टैलेंट की स्टार सुज़न बॉयल के वीडियो ने पहला स्थान हासिल किया है.
उनके इस पहले शो को 12 करोड़ बार देखा गया.


Click it and Unblock the Notifications