रणबीर-दीपिका की ये जवानी.. पर ऑडियंस पूरी दीवानी
अयान मुखर्जी की फिल्म ये जवानी है दीवानी के लिए लोगों की दीवानगी पहले ही दिन से सिर चढ़क बोल रही है। पहले ही दिन रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म ये जवानी है दीवानी ने बॉक्स ऑफिस पर पूरे 19.45 करोड़ की कमाई की है। सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि ये जवानी है दीवानी ने विदेशों में भी बेहतरीन ओपनिंग की है। ये जवानी है दीवानी को देखने के बाद लोग रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण के फैन हो गये हैं। फिल्म एक पल के लिए भी किसी को बोर होने का मौका नहीं देती। मस्ती और रोमांस से भरी ये जवानी है दीवानी ने दोबारा से रोमांस का दौर शुरु कर दिया है।
ये जवानी है दीवानी को देखने के बाद लोग तो यहां तक कह रहे हैं कि रणबीर कपूर उर्फ आरके ने खान्स को जमकर टक्कर देने की ठान ली है। हालांकि फिल्म के प्रमोशन्स के दौरान रणबीर कपूर ने कहा था कि तीनों खान के साथ उनका कोई मुकाबला नहीं है। वो तो अभी इंडस्ट्री में नये हैं। ऐसे में सालों से बॉलीवुड पर राज कर रहे खानों के साथ उनको कंपेयर करना सही नहीं है। रणबीर कपूर ने तो यहां तक कहा कि वो इन खानों के पैरों की धूल के बराबर भी नहीं हैं। कुछ फैन्स का कहना है कि शाहरुख के बाद अब रणबीर कपूर बॉलीवुड के दूसरे रोमांस किंग हैं।
दूसरी तरफ दीपिका की फैन फॉलोइँग भी कुछ कम नहीं है। दीपिका पादुकोण की तो इस साल लगातार चार फिल्में रिलीज हो रही हैं। पहली फिल्म रेस 2 बॉक्स ऑफिस पर हिट रही अब दूसरी फिल्म ये जवानी है दीवानी भी हिट हुई। इसके बाद दीपिका की शाहरुख खान के साथ चेन्नई एक्सप्रेस और रणवीर सिंह के साथ रामलीला आ रही है। इन दोनों फिल्मों के भी हिट होने के पूरे चांसेस हैं। कहा जा रहा है कि दीपिका पादुकोण बॉलीवुड की इस साल की नंबर वन एक्ट्रेस बनने की पूरी कोशिश में हैं। ये जवानी है दीवानी में दीपिका के किरदार नैना को लोगों ने काफी पसंद किया है।


Click it and Unblock the Notifications
