'कैट को शिफान की साड़ी में फिल्माना चाहते थे यश जी'
अपने सुरीले संगीत, मनमोहक नजारे और सफेद शिफान की साड़ी के लिए मशहूर यश चोपड़ा की अंतिम इच्छा उन्हीं के साथ खत्म हो गयी। अपनी हर फिल्म की तरह वो अपनी आने वाली अंतिम फिल्म 'जब तक है जान' की अभिनेत्री कैटरीना कैफ को भी सफेद शिफान की साड़ी में स्विट्जरलैंड में फिल्माना चाहते थे लेकिन अफसोस ऐसा हो नहीं पाया और वो सबको छोड़कर चले गये।
इस बात की जानकारी फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने ट्विटर पर दी। मनीष ने लिखा है कि 'जब तक है जान' की अभिनेत्री कैटरीना कैफ को यश चोपड़ा शिफॉन की साड़ी में अपनी पसंदीदा जगह स्विट्जरलैंड स्थित आल्प्स पहाड़ियों में फिल्माना चाहते थे। उन्होंने इस बारे में मुझसे बात भी की थी और कहा था कि वो जब गाने को शूट करें तो मनीष उनके साथ हों।आपको बता दें कि यश चोपड़ा की अंतिम निर्देशित फिल्म जब तक है जान है जिसमें शाहरूख खान, कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म 13 नवंबर को प्रदर्शित हो रही है।
यश जी की फिल्में चाहे वो सिलसिला हो,चांदनी हो, डर हो या फिर दिल तो पागल, उनकी हर फिल्म की अभिनेत्री सफेद शिफान की साड़ी में स्विट्जरलैंड में प्रेम की बातें करती आयी हैं इसलिए अगर यश जी ने कैटरीना को शिफान की साड़ी में फिल्माना चाहा तो इसमें किसी को अचरज नहीं होना चाहिए।


Click it and Unblock the Notifications
