Alia Bhatt: करियर की ऊंचाई पर शादी करने और मां बनने के फैसले पर आलिया भट्ट को होगा पछतावा? बताई दिल की बात

Alia Bhatt: साल 2022 आलिया भट्ट के लिए बेहद शानदार रहा है। बीते साल आलिया और रणबीर कपूर ने शादी की, वहीं दोनों ने अपनी बेटी राहा का भी स्वागत किया है। फिल्मों के मामले में आलिया भट्ट ने आरआरआर, गंगूबाई काठियावाड़ी, डार्लिंग्स और ब्रह्मास्त्र जैसी हिट और चर्चित फिल्में दी हैं। जो उन्हें फिलहाल बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक बनाता है।
अपने करियर की ऊंचाई पर जब 29 वर्षीय आलिया ने शादी करने और मां बनने का फैसला लिया तो कई फैंस हैरान भी थे। लेकिन आलिया ने हाल ही में अपने फैसले को लेकर एक इंटरव्यू में बातें की हैं, जहां उन्होंने कहा कि अपने करियर के पीक पर मां बनने के फैसले पर उन्हें कोई पछतावा नहीं है।
ई टाइम्स को दिए इंटरव्यू में आलिया ने अपनी जिंदगी के अहम चैप्टर्स के बारे में बात की। एक्ट्रेस ने कहा, "मेरे करियर के पीक पर मैंने शादी और बेबी करने का फैसला किया। लेकिन कौन कहता है कि शादी करने और मां बनने से मेरे काम में कुछ बदलाव आएगा? अगर आता भी है तो कोई बात नहीं। मुझे इसकी परवाह नहीं। मुझे पता था कि बच्चा करने के फैसले पर मुझे जिंदगी में कभी पछतावा नहीं होगा। ये एक नेचुरल इंस्टिंक्ट है। ये मेरा अब तक का सबसे अच्छा फैसला है।"
आलिया और रणबीर कपूर ने कुछ सालों तक डेट करने के बाद 14 अप्रैल, 2022 को शादी की। और शादी के दो महीने बाद, दोनों ने घोषणा की कि वे माता-पिता बनने वाले हैं। नवंबर में, आलिया ने बेटी राहा को जन्म दिया।
अपने फैसलों पर बात करते हुए आलिया ने कहा, "जीवन में कोई सही या गलत नहीं है। मेरे लिए जो काम करता है वह किसी और के लिए काम नहीं कर सकता है। मैं हमेशा से ऐसी इंसान रही हूं जो अपने दिल की सुनती है। आप हर चीज की योजना नहीं बना सकते। जिंदगी खुद योजना बनाती है और आपको बस उस रास्ते पर चलना होता है। चाहे वो फिल्में हों या कुछ और, मैंने हमेशा अपने दिल को फैसला करने दिया।"


Click it and Unblock the Notifications
