रणवीर सिंह का बयान बना बवाल! 'कांतारा' के क्लाइमैक्स सीन की नकल करते हुए फिसली जुबान, देवी को बताया भूत

Ranveer Singh Kantara controversy: गोवा में शुक्रवार, 28 नवंबर को आयोजित IFFI 2025 की क्लोजिंग सेरेमनी में रणवीर सिंह और ऋषभ शेट्टी की जोड़ी खूब सुर्खियों में रही। स्टेज पर रणवीर ने फिल्म 'कांतारा चैप्टर 1' में ऋषभ शेट्टी की एक्टिंग की जमकर तारीफ की। लेकिन इसी दौरान कहा गया उनका एक बयान अब गलत वजहों से सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
रणवीर ने क्लाइमेक्स सीन की नकल की
इवेंट के दौरान रणवीर ने कांतारा के मशहूर क्लाइमेक्स सीन की एक्टिंग दोहराई। यहीं पर उन्होंने चामुंडी देवी को 'भूत' कह दिया, जिसके बाद लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। वायरल हो रहे वीडियो में रणवीर कहते नजर आते हैं- 'मैंने कांतारा चैप्टर 1 थिएटर में देखी और ऋषभ, तुम्हारा काम तो कमाल का था। खासकर जब 'भूत' (चामुंडी देवी) तुम्हारे अंदर आती है... वो सीन तो शानदार था।'
बयान खत्म होते ही रणवीर ने सीन को एक्ट करके दिखाया, जिस पर ऋषभ शेट्टी हंस पड़े। इसके बाद रणवीर ने दर्शकों से पूछा कि क्या वो उन्हें कांतारा 3 में देखना चाहेंगे। उन्होंने मजाक में कहा कि अगर हां, तो ये मैसेज ऋषभ तक जरूर पहुंचा दिया जाए।
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताया गुस्सा
रणवीर के इस बयान ने कई दर्शकों को नाराज कर दिया। लोगों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि देवी को भूत कहना बेहद अपमानजनक है। एक यूजर ने लिखा- 'एक्टर को कब समझ आएगा कि क्या कहना चाहिए? हमारी देवी को भूत कहना बहुत गलत है।' दूसरे ने कहा- 'ये शब्द काफी ऑफेंसिव थे, रणवीर को अपनी भाषा पर ध्यान देना चाहिए।' एक और कमेंट में लिखा: 'वो देवी हैं, कोई भूत नहीं। ये बेहद डिसरिस्पेक्टफुल है।'
कांतारा चैप्टर 1 की कहानी
ऋषभ शेट्टी की 'कांतारा चैप्टर 1' साल 2022 में आई ब्लॉकबस्टर कांतारा का प्रीक्वल है। इस फिल्म में परंपराओं और उस पुराने संघर्ष की जड़ें दिखाईं गई हैं, जिनके हिंट पहली फिल्म में मिले थे।
फिल्म में ऋषभ के साथ जयराम, रुक्मिणी वसंत और गुलशन देवैया जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आए। यह फिल्म 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी, जिसने दुनिया भर में 851.93 करोड़ रुपये का बिजनेस किया।
रणवीर की आने वाली फिल्म
वहीं रणवीर सिंह अब अपनी अगली फिल्म 'धुरंधर' में एक दमदार और एक्शन से भरपूर अवतार में दिखाई देंगे। आदित्य धर की डायरेक्टेड इस फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन भी नजर आने वाले हैं। 'धुरंधर' 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Click it and Unblock the Notifications











