'दृश्यम 3' के विवाद के बीच अरशद वारसी का बड़ा बयान, अक्षय खन्ना को लेकर कहा- 'वो अच्छे एक्टर तो हैं लेकिन...'
Akshaye Khanna Drishyam 3 exit Arshad Warsi Comment: अक्षय खन्ना हाल ही में फिल्म धुरंधर में पाकिस्तानी गैंगस्टर रहमान डकैत का रोलन निभाकर चर्चा में रहे। उनकी एक्टिंग को लोगों ने खूब सराहा। इसी बीच ये भी खबरें आईं कि उन्होंने 'दृश्यम 3' से अपने कदम पीछे कर लिए हैं।

पहले दावा किया गया था कि 'धुरंधर' की सफलता के बाद अक्षय ने 21 करोड़ रुपये फीस और विग पहनने की शर्त रखी, जिससे बात बिगड़ गई। लेकिन अब निर्माता कुमार मंगत पाठक ने इन बातों पर साफ-साफ जवाब दिया है और साथ ही अक्षय को खरी-खोटी भी सुनाई है।
पहले से ही फीस तय थी
ETimes से बातचीत में कुमार मंगत ने कहा कि अक्षय को पहले से अंदाजा था कि धुरंधर अच्छा परफॉर्म करेगी। इसी वजह से 'दृश्यम 3' की फीस पहले ही तय कर ली गई थी और दोनों पक्षों में सहमति भी बन गई थी। उन्होंने साफ किया कि अक्षय ने 'धुरंधर' की सक्सेस के बाद अचानक फीस नहीं बढ़ाई।
शूट से पहले अचानक छोड़ी फिल्म
निर्माता के मुताबिक, एग्रीमेंट साइन हो चुका था और अक्षय के कॉस्ट्यूम भी फाइनल होकर उनका पेमेंट किया जा चुका था। लेकिन शूट शुरू होने से करीब 12 दिन पहले अक्षय का मैसेज आया कि वह अब फिल्म नहीं करेंगे। कुमार मंगत ने बताया कि उन्होंने अक्षय से बात करने की कोशिश की, लेकिन कॉल और मैसेज का कोई जवाब नहीं मिला।
विग वाली दलील पर उठे सवाल
कुमार मंगत ने यह भी कहा कि बाद में यह वजह बताई गई कि अक्षय विग पहनना चाहते थे। लेकिन यह बात कहानी से मेल नहीं खाती। 'दृश्यम 3' की कहानी वहीं से शुरू होती है, जहां 'दृश्यम 2' खत्म हुई थी, यानी कुछ ही घंटों का गैप है। ऐसे में किरदार का अचानक लंबे बालों के साथ दिखना मुमकिन नहीं था। उन्होंने बताया कि डायरेक्टर अभिषेक पाठक इस मुद्दे पर कोई ना कोई रास्ता निकालने को तैयार थे, लेकिन अक्षय ने इस पर कोई चर्चा करना ही नहीं चाहते थे।
मेकर्स ने जताई नाराजगी
कुमार मंगत ने अक्षय के रवैये को नॉन प्रोफेशनल बताया। उन्होंने कहा कि इतने सालों की जान-पहचान के बाद भी इस तरह बिना बात किए फिल्म छोड़ देना गलत है। उनका सवाल था कि जब फिल्म नहीं करनी थी, तो फीस क्यों ली गई।
लीगल नोटिस और नुकसान का दावा
निर्माता ने बताया कि अक्षय के अचानक बाहर होने से उन्हें भारी नुकसान हुआ। उनकी जगह जयदीप अहलावत को कास्ट करने के लिए स्क्रिप्ट में बदलाव करने पड़े, जिस पर एक करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च आया। इसी वजह से उन्होंने अक्षय को लीगल नोटिस भी भेजा है।
अरशद वारसी का बयान
अक्षय खन्ना के साथ 2009 की फिल्म 'शॉर्ट कट' में काम कर चुके अरशद वारसी ने हाल ही में अभिनेता की पर्सनैलिटी पर खुलकर बात की है। उन्होंने अक्षय को गंभीर स्वभाव का इंसान बताया, जिसे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग उनके बारे में क्या सोचते हैं। अक्षय खन्ना पर बात करते हुए अरशद ने कहा, 'वह बहुत अच्छे एक्टर हैं और इसमें कभी कोई शक नहीं है। लेकिन वह अपनी ही दुनिया में रहते हैं। उन्हें पीआर या लोगों की राय से कोई मतलब नहीं होता। वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीते हैं।'


Click it and Unblock the Notifications











