कौन हैं रूखसाना कौसर, Shraddha Kapoor बनेंगी 20 साल की ये कश्मीरी लड़की, ज़बरदस्त है फिल्म की कहानी

Shraddha Kapoor to play Rukhsana Kausar: श्रद्धा कपूर इस समय स्त्री 2 की वजह से काफी सुर्खियों में हैं। लेकिन अब उनके अगले प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चा शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट्स की मानें तो श्रद्धा कपूर, अपनी अगली फिल्म कश्मीरी लड़की रूखसाना कौसर बनने जा रही हैं। ये फिल्म कश्मीर में फैले आंतकवाद पर आधारित होगी।
फिल्म असली घटनाओं पर आधारित है और रिपोर्ट्स की मानें तो श्रद्धा कपूर 20 साल की लड़की की भूमिका में नज़र आएंगी। फिल्म के मेकर्स को ऐसी एक्ट्रेस चाहिए थी जो कि स्क्रीन पर 20 साल की दिख सके और इसलिए श्रद्धा कपूर इस रोल के लिए परफेक्ट थीं।

10 साल में 18 फिल्में कर चुकीं श्रद्धा
श्रद्धा कपूर ने साल 2010 में अपना फिल्म डेब्यू किया था और इन 10 सालों में श्रद्धा कपूर ने 18 फिल्में की हैं। इनमें से कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर इतिहास बना चुकी हैं और कुछ ने पानी तक नहीं मांगा लेकिन श्रद्धा कपूर की डिमांड और फैन फॉलोइंग कभी कम नहीं हुई। श्रद्धा कपूर ने अमिताभ बच्चन के साथ तीन नाम की एक फिल्म से अपना डेब्यू किया था।

यशराज छोड़ने की हिम्मत
अपने करियर के शुरूआत में ही श्रद्धा कपूर के अंदर हिम्मत थी कि उन्होंने यशराज फिल्म्स का कॉन्ट्रैक्ट तोड़ दिया। श्रद्धा यशराज के साथ तीन फिल्मों के कॉन्ट्रैक्ट में बंधी थीं लेकिन यशराज के साथ उनकी पहली फिल्म लव का दी एंड बुरी तरह पिट गई। इसके बाद श्रद्धा ने बिना समय गंवाए ये कॉन्ट्रैक्ट तोड़ा और भट्ट कैंप की आशिकी 2 साईन कर ली। आशिकी 2, हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे ज़्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों में शामिल है।

काफी समय से परदे से दूर
इस समय श्रद्धा कपूर, काफी समय से परदे से दूर हैं। उनकी आखिरी फिल्म थी टाईगर श्रॉफ के साथ बागी 3 जिसके बाद से श्रद्धा कपूर ने कैमरों से दूरी बना रखी है। कोरोना काल में जहां बाकी एक्टर्स ने ओटीटी का रूट लिया वहां, श्रद्धा कपूर, बड़े परदे को छोड़ छोटे परदे की ओर नहीं मुड़ीं। यही कारण है कि वो काफी समय से दर्शकों से दूर हैं।

एक झलक ने बनाया दीवाना
परदे से लंबे समय तक की दूरी ही शायद वो कारण है कि फैन्स ने हाल ही में वरूण धवन की भेड़िया में श्रद्धा कपूर की एक झलक देखी और पागल हो गए। भेड़िया के गाने ठुमकेश्वरी में श्रद्धा कपूर अपने स्त्री अवतार में नज़र आ रही हैं और उन्होंने बता भी दिया है कि अब स्त्री 2 पर काम शुरू हो चुका है। इस बीच श्रद्धा कपूर, रणबीर कपूर के साथ लव रंजन की फिल्म पूरी कर चुकी हैं।

परदे की अगली नागिन
इस बीच श्रद्धा कपूर की दो फिल्में अटकी हुई हैं और दोनों ही श्रीदेवी की फिल्मों का रीमेक हैं। इनमें से एक फिल्म है चालबाज़ इन लंदन, जो कि श्रीदेवी की फिल्म चालबाज़ से प्रेरित बताई जा रही थी। वहीं दूसरी है नागिन Trilogy जहां श्रद्धा कपूर एक बार फिर से फिल्मों में नागिन की वापसी करेंगी। बड़े परदे पर नागिन का मतलब है श्रीदेवी। अब श्रद्धा उनकी विरासत संभालती नज़र आएंगी।

हसीना के बाद रूखसाना
बात करें रूखसाना कौसर के किरदार की तो श्रद्धा कपूर इससे पहले, हसीना पारकर की बायोपिक में भी दिख चुकी हैं। अब श्रद्धा रूखसाना कौसर की कहानी को परदे पर उतारती दिखाई देंगी।
कौन है रूखसाना?
रूखसाना कौसर एक कश्मीरी लड़की हैं जो कि जम्मू कश्मीर के रजौरी में रहती हैं। रजौरी, भारत - पाकिस्तान की सीमा रेखा के बिल्कुल करीबी पड़ता है और इसलिए आतंकवादी गतिविधियों का गढ़ माना जाता है। 2009 में लश्कर - ए - तैयबा के तीन आंतकवादी, रूखसाना के घर ज़बरदस्ती घुस गए और उनके माता पिता से रूखसाना को उनके हवाले करने की मांग करने लग गए। रूखसाना को तब तक उनके मां बाप छिपा चुके थे। इस बीच रूखसाना के मां बाप को आंतकवादी, राईफल से मारने लगे जिसके बाद रूखसाना ने एक कुल्हाड़ी की मदद से एक आतंकवादी को सर पर मारा और फिर उसकी AK47 राईफल चलाई। अपनी जान बचाने के बाद रूखसाना, पुलिस स्टेशन गईं और AK47 सौंप दी। उनके इस काम के लिए उन्हें वीरता पुरस्कार मिला। उस समय रूखसाना केवल एक 10वीं पास लड़की थीं। लेकिन इस घटना के बाद से रूखसाना को अपनी सुरक्षा के लिए काफी लड़ना पड़ा है। श्रद्धा, रूखसाना के इसी संघर्ष की कहानी, परदे पर उतारेंगी।


Click it and Unblock the Notifications











