जब शाहरुख खान की एक कॉल से परेशान हो गए थे 'सत्या' के हीरो, बाद में समझ आया माज़रा
1998 में रिलीज हुई रामगोपाल वर्मा की फिल्म 'सत्या' को क्लासिक फिल्म की श्रेणी में रखा जाता है। यह फिल्म 24 साल पहले इतना पॉपुलर हुआ था कि लोगों को इसके डायलॉग से लेकर गाने तक आज भी याद हैं। 'सत्या' फिल्म के जरिए मनोज बाजपेयी समेत पूरी स्टार कास्ट को अलग पहचान मिली थी। पूरी टीम ने इस फिल्म के पीछे काफी मेहनत की थी लेकिन फिर भी सभी डर रहे थे कि कहीं फिल्म फ्लॉप ना हो जाए।
फिल्म में मुख्य किरदार निभाने वाले जेडी चक्रवर्ती ने हाल ही में फिल्म से जुड़ा बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि मनोज बाजपेयी अक्सर उनसे कहते थे कि ये फिल्म नहीं चलेगी। लेकिन, एक दिन शाहरुख खान ने जेडी को कॉल किया जिसके बाद उनकी नींद उड़ गई।

दरअसल, शाहरुख ख़ान ने सत्या फिल्म की तारीफ तो की लेकिन अपने अंदाज़ में। सभी जानते हैं कि शाहरुख खान का 'सेंस ऑफ ह्यूमर' कमाल का है। उन्होंने 'सत्या' दरअसल रिलीज के एक दिन पहले देखी थी। जेडी चक्रवर्ती ने कहा कि रिलीज के एक दिन पहले उन्हें मणिरत्नम का फोन आया था जो उस समय 'दिल से' बना रहे थे।
जेडी ने कहा- 'मैंने पूछा कि क्या उन्हें फिल्म पसंद है। उन्होंने कहा, 'कोई आपसे बात करना चाहता है।' फिर किसी ने फोन लिया और कहा, 'सलाम अलैकुम।' मैंने कहा, 'वालेकुम अस्सलाम, कौन बोल रहे हैं?'
जेडी ने आगे बताया कि फोन पर किसी ने कहा- 'कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन बात कर रहा है, बस एक सवाल का जवाब दें। अगर 'सत्या' असफल होती है, तो आपको क्या लगता है कि हमें क्या करना चाहिए?' मैंने उनसे पूछा, 'आप कौन हैं?' उन्होंने कहा, 'नाम में क्या रखा है?' मैंने कहा, 'यह जरूरी है। मुझे अपना नाम बताइए।' उन्होंने कहा, 'मेरा नाम शाहरुख खान है'।
जेडी ने आगे कहा- मैं आपके जितना टैलेंटेड नहीं हूं लेकिन आप बताएं कि अगर सत्या असफल होती है तो हमें क्या करना चाहिए। इस पर उन्होंने कहा- 'यह आसान है। 'सत्या' में जो जेडी चक्रवर्ती हैं न उसे निकाल कर फिल्म में शाहरुख खान को डाल देना चाहिए।' मैंने कहा, 'मैं नहीं समझा।' उन्होंने कहा, 'अगर आप मुझे फिल्म में रखेंगे तो मैं फिल्म का वन टू का फोर दूंगा'।
जेडी चक्रवर्ती ने आगे कहा, "मैं समझ गया कि वह मेरे साथ मजाक कर रहे हैं। शाहरुख ने आगे कहा, 'आप बहुत अच्छे इंसान हैं। और फिल्म बहुत अच्छी है।' मुझे शाहरुख खान की ये बात बहुत अच्छी लगी।


Click it and Unblock the Notifications











