IIFA 2023: जब बड़े सितारों ने 'आईफा अवॉर्ड्स' से किया किनारा, तो फिर नए सेलेब्स पर आई भारी जिम्मेदारी

IIFA 2023: सिनेमा जगत के सबसे बड़े अवॉर्ड्स में से एक हैं इंटरनेशनल इंडियन फिल्म अकेडमी अवॉर्ड्स (आईफा), जो कि हर साल काफी सुर्खियों में रहता है। जल्द ही अबूधाबी के यस आइलैंड में इन अवॉर्ड्स का आयोजन 26 और 27 मई को होगा। गुरुवार को मुंबई में आयोजित इन अवार्ड्स की प्रेस कांफ्रेंस में सिनेमा का एक भी सुपरसितारा नजर नहीं आया। इस दौरान राजकुमार राव, रकुलप्रीत सिंह और दीया मिर्जा ने ही इसकी भारी जिम्मेदारी संभाली।
गौरतलब है कि, कभी भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े अवॉर्ड्स बनकर उभरे आईफा की चमक अब वैसी नहीं रही जैसी इसके ब्रांड अंबेसडर अमिताभ बच्चन के होने पर हुआ करती थी। साल दर साल अपनी चमक खोते जा रहे आईफा अवार्ड्स का 23वां आयोजन उसी अबू धाबी में होने जा रहा है, जहां इनका आयोजन पिछले साल हुआ था।
अवार्ड्स को लेकर हर साल मुंबई में प्रेस कांफ्रेस होती रही हैं। इनमें हिंदी सिनेमा के दिग्गज सितारे शामिल होते भी रहे हैं लेकिन, इस बार मोर्चा संभालने की जिम्मेदारी आई रकुल प्रीत सिंह पर। इस दौरान उन्होंने कहा, 'पहली बार आइफा अवॉर्ड के दौरान परफॉर्मेंस को लेकर मैं काफी उत्साहित हूं। इसके लिए दिन में कम से कम समय निकाल कर सात बार रिहर्सल करती हूं, ताकि मेरा परफॉर्मेंस ऐसा हो कि आज तक ऐसा परफॉर्मेंस किसी ने देखा ही नहीं होगा।'
इसके अलावा इस बार आईफा 2023 की मेजबानी फराह खान के साथ राजकुमार राव करेंगे। फराह खान दूसरों की टांग खिंचाई के लिए बहुत मशहूर रही हैं। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जब राजकुमार राव से पूछा गया कि फराह खान के साथ मेजबानी करने के लिए किस तरह की तैयारी कर रहे हैं। राज कुमार राव ने कहा, 'मैं पहली बार आईफा में मेजबानी करने के लिए बहुत उत्साहित हूं। रही बात फराह खान के साथ मेजबानी करने की तो वह बहुत सीनियर है। मंच पर मेजबानी की शुरुआत उनके पैर छूकर करूंगा।'
इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर सक्रिय रहने वाली अभिनेत्री दीया मिर्जा को भी मंच मिला। उन्होंने कहा, 'मैं देश की नागरिक होने के नाते ही नहीं बल्कि एक मां होने के नाते देश में बढ़ते प्रदूषण को लेकर बहुत चिंतित हूं। आज पृथ्वी, जल खाने पीने की चीजें सब दूषित हो गई हैं। इसका सबसे बड़ा कारण प्लास्टिक का उपयोग है। मैं नहीं कहती कि इसका प्रयोग बुरी चीज है, बल्कि इसका इस्तेमाल सही तरीके से हो।'
गौरतलब है कि, हमेशा ही सुपरस्टार इस शो की मेजबानी करते आए हैं, परंतु इस बार आईफा 2023 की मेजबानी पहली बार राज कुमार राव और फराह खान करने जा रहे हैं। अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह पहली बार इन अवार्ड्स में परफार्म करने जा रही है। देखना होगा कि इस बार इस नए बदलाव से फैंस कितने खुश होते हैं।


Click it and Unblock the Notifications

