शाहरुख के सेट पर पहुंचे डॉक्टर!
जी हां लद्दाख के बर्फीले पहाड़ों पर अपनी बेनाम फिल्म की शूटिंग कर रहे शाहरुख खान के सेट पर डॉक्टरों के पहुंचने की खबर से लोगों के बीच हलचल मच गई है। यह हलचल सिर्फ शाहरुख फैन्स क्लब में ही नहीं बल्कि कैटरीना के चाहने वाले भी चिंता में पड़ गये हैं कि कहीं उनकी कैटरीना को तो कुछ नहीं हुआ है। वनइंडिया को प्राप्त जानकारी के मुताबिक फिलहाल सब कुछ ठीक है।
फिल्म निर्माण टीम के एक सदस्य के मुताबिक चूंकि लद्दाख का मौसम काफी अलग है और ठंडा भी, इसलिये वहां अपने साथ डॉक्टर रखना जरूरी है। शूटिंग शुरू होने के थोड़े ही दिन बाद प्रबंधन ने डॉक्टरों को बुला लिया।
इसका एक कारण यह भी है, कि जेपी दत्ता की फिल्म एलओसी की शूटिंग के दौरान कुछ क्रू सदस्यों की तबियत खराब हुई थी। उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। लद्दाख में शूटिंग के दौरान दो क्रू सदस्यों की तो मौत भी हो गई थी। लिहाजा यश चोपड़ा किसी भी प्रकार का कोई रिस्क नहीं लेना चाहते हैं, इसीलिये इस बार वो अपने साथ डॉक्टरों की पूरी टीम लेकर लद्दाख गये हैं।
इस टीम में एक फिजीशियन और दो जूनियर डॉक्टर व नर्सें हैं। हालांकि लद्दाख प्रशासन भी यश चोपड़ा को कई सारी सुविधायें मुहैया करा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य एवं चिकित्सा दल भी शामिल है।


Click it and Unblock the Notifications












