समलैंगिक किरदार निभाने को लेकर क्या बोले अक्षय ओबेरॉय? दंग रह जाएंगे आप

Akshay Oberoi- अपने अलग-अलग और चुनौतीपूर्ण किरदारों के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता अक्षय ओबेरॉय ने हाल ही में भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में प्रतिनिधित्व और समावेशन की ज़रूरत पर खुलकर बात की।
वेब सीरीज़ इनसाइड ऐज सीज़न 3 में समलैंगिक किरदार निभाने के अनुभव को साझा करते हुए अक्षय ने कहा कि बॉलीवुड अब भी एलजीबीटीक्यू+ समुदाय को खुलकर स्वीकार नहीं करता।
अक्षय ने दिल से बात करते हुए कहा, "बॉलीवुड भले ही इसे खुले तौर पर न माने, लेकिन जो सबसे ज़्यादा प्यार और फैनबेस हमें मिलता है, वो क्वीयर कम्युनिटी से ही है - और हमें ये स्वीकार करना चाहिए। एक कलाकार के तौर पर ये लोग हमारे लिए बहुत बड़ा सपोर्ट सिस्टम रहे हैं। मुझे कभी अपने किरदार की सेक्सुअल आइडेंटिटी से कोई फर्क नहीं पड़ा। मेरे लिए हर इंसान की कहानी मायने रखती है, और हर इंसान को स्क्रीन पर दिखाए जाने का हक है।"
इनसाइड ऐज 3 में अक्षय ने एक ऐसे क्रिकेटर का किरदार निभाया जो समलैंगिक है लेकिन अपनी पहचान छिपा कर रखता है। इस भूमिका में उन्होंने जिस संवेदनशीलता और गहराई से अभिनय किया, उसकी जमकर सराहना हुई। यह भूमिका न केवल लोगों के दिलों को छू गई, बल्कि समाज में रुढ़ियों को तोड़ने में भी मददगार रही।
अक्षय ने आगे कहा, "मैं उस किरदार को निभाने से न तो डरता था और न ही मुझे कोई झिझक थी। बल्कि, इतना भावनात्मक और गहरे संघर्ष वाला किरदार निभाना मेरे लिए एक संतोषजनक अनुभव था। आमतौर पर हीरो टाइप के रोल करना आसान होता है, लेकिन जब कोई किरदार समाज की सोच को चुनौती देता है, तो आप सिर्फ एक एक्टर ही नहीं, बल्कि एक इंसान के तौर पर भी बढ़ते हैं। हर किसी को अपनी पहचान के साथ सहज महसूस करने का हक है।"
आज जब भारतीय मनोरंजन जगत में प्रतिनिधित्व और प्रामाणिक समावेशन की बातें तेज़ी से हो रही हैं, तो अक्षय ओबेरॉय उन गिने-चुने मुख्यधारा के अभिनेताओं में हैं, जो न सिर्फ ऐसे किरदार निभाते हैं, बल्कि खुलकर ऐसी आवाज़ों को पहचान देने की बात भी करते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











