Week Recap: अस्पताल में डेविड धवन, दीपिका पादुकोण, बी प्राक के बच्चे का निधन, कार्तिक आर्यन की फीस
बॉलीवुड में इस हफ्ते, कई स्टार्स खबरों में रहे। लेकिन ज़्यादातर खबरें दुखी या परेशान कर देने वाली रहीं। एक तरफ, डेविड धवन और दीपिका पादुकोण के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें रहीं तो दूसरी तरफ, ऋतिक रोशन की नानी और बी प्राक के नवजात शिशु के निधन की खबरों से ग़म का माहौल रहा।
लेकिन ज़िंदगी है तो आगे बढ़ती ही है। इसलिए कई स्टार्स ने खबरों में अपनी जगह अपने काम से बनाई। इनमें कार्तिक आर्यन शामिल हैं जिनके प्रोड्यूसर भूषण कुमार, उनकी तारीफों के पुल बांधते दिखाई दिए।

पृथ्वीराज के फ्लॉप होने के बाद इस फिल्म के डायरेक्टर चंद्रप्रकाश द्विवेदी फिल्म के बारे में बात करते दिखाई दिए और बताया कि मुख्य तौर से ये फिल्म तो सनी देओल के लिए लिखी गई थी। दूसरी तरफ उन्होंने ये भी खुलासा किया कि अक्षय कुमार का कहना था कि अगर ये फिल्म नहीं चली तो वो वापस हाउसफुल - राउडी राठौर जैसी फिल्मों की तरफ लौट जाएंगे। फटाफट देखिए इस हफ्ते की सारी बड़ी खबरें।

अस्पताल में डेविड धवन
वरूण धवन के पिता, डेविड धवन 1 हफ्ते से मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती थे। वरूण धवन ने खुद इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके लिए बहुत बुरा समय था क्योंकि पिता की तबीयत की टेंशन के बीच भी उन्हें मुस्कुराते हुए अपनी आने वाली फिल्म जुग जुग जियो का प्रमोशन करना पड़ रहा था। हालांकि, अब डेविड धवन घर लौट चुके हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं। अस्पताल में दिन में उनके साथ उनकी पत्नी लाली धवन और रात में बेटे रोहित और वरूण साथ में रह कर उनकी देखभाल कर रहे थे।

सिंघम 3 का एलान
रोहित शेट्टी ने एक इंटरव्यू के दौरान सिंघम 3 पर खुलकर बात की। रोहित शेट्टी ने बताया कि उनकी रणवीर सिंह स्टारर फिल्म सर्कस की रिलीज़ के बाद वो अप्रैल तक सिंघम 3 की शूटिंग शुरू कर देंगे। रोहित ने बताया कि ये फिल्म काफी बड़े स्तर पर बनाने की सोच रहे हैं और इसे बनाने में लगभग एक साल का समय लग जाएगा। जब तक ये फिल्म बनकर पूरी नहीं हो जाती है वो तब तक किसी भी और प्रोजेक्ट के बारे में नहीं सोच सकते हैं।

नेटफ्लिक्स पर भूल भुलैया 2
कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 अभी भी सिनेमाघरों में अच्छी खासी कमाई कर रही है लेकिन डील के मुताबिक, ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हो चुकी है। भूल भुलैया 2, 19 जून से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। फिल्म में कार्तिक आर्यन के साथ कियारा आडवाणी, तबू और अमर उपाध्याय मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 177 करोड़ की कमाई की है।

अस्पताल में थीं दीपिका पादुकोण?
दीपिका पादुकोण, हैदराबाद में प्रभास की अगली फिल्म प्रोजेक्ट के की शूटिंग कर रही हैं और इस दौरान, उनकी दिल की धड़कन तेज़ होने के बाद अस्पताल लेकर भागने की खबरें थीं। लेकिन दो ही दिन बाद फिल्म की प्रोड्यूसर ने इन सभी खबरों को अफवाह बताया था और कहा कि दीपिका पादुकोण पूरी तरह से ठीक हैं और अपनी शूटिंग पूरी कर रही हैं। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबरें बेबुनियाद हैं।

ऋतिक रोशन की नानी का निधन
ऋतिक रोशन की नानी पद्मा रानी ओम प्रकाश का 15 जून को निधन हो गया। वो 91 साल की थीं। गौरतलब है कि 2019 में ऋतिक रोशन के नाना फिल्ममेकर ओम प्रकाश का भी निधन हो गया था। नाना के निधन के बाद से ही उनकी नानी की तबीयत ठीक नहीं रहती थी और वो रोशन परिवार के साथ ही रहती थीं। राकेश रोशन ने इस बात की पुष्टि की।

बी प्राक
बारिश, केसरी और फिलहाल जैसे गाने गाकर बॉलीवुड में फेमस हुए पंजाबी सिंगर बी प्राक ने बेहद दुखद खबर शेयर करते हुए बताया कि उनके नवजात शिशु का जन्म लेते ही निधन हो गया। कुछ महीनों पहले ही बी प्राक ने अपनी पत्नी के साथ उनके प्रेगनेंसी फोटोशूट की तस्वीर शेयर करते हुए एलान किया था कि वो फिर से पिता बनने वाले हैं। इस दुख की घड़ी में उन्हें लोगों ने हिम्मत बंधाई।

सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि
14 जून को एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की दूसरी पुण्यतिथि थी और इस मौके पर स्टार्स उन्हें याद करते दिखाई दिए। उनकी को स्टार्स कृति सैनन और कियारा आडवाणी ने उन्हें याद किया तो उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और खास दोस्त सारा अली खान ने उनके लिए भावुक पोस्ट लिखे। सारा ने सुशांत के लिए पोस्ट लिखते हुए कहा, मैंने कई अनुभव पहली बार तुम्हारे साथ किए चाहे वो कैमरा फेस करना रहा हो या फिर वाकई में चांद को देखना।

एक्टर्स की फीस पर भूषण कुमार
भूल भुलैया 2 की सफलता के बाद, भूषण कुमार, आजकल के स्टार्स की फीस पर बात करते हुए बोले कि स्टार्स एक फिल्म हिट होते ही अपनी फीस बढ़ा देते हैं। यही कारण है कि फिल्मों का बजट बढ़ जाता है या फिर उनका बजट कम रखने के लिए फिल्मों पर पैसा कम खर्च होता है और स्टार्स की फीस पर ज़्यादा। इस समय दर्शकों को बड़ी फिल्में देखना पसंद हैं और उन फिल्मों को बनाने के लिए पैसा चाहिए। स्टार्स को अपनी फीस, फिल्म के हिसाब से लेनी चाहिए।

कार्तिक आर्यन की शहज़ादा फीस
कार्तिक आर्यन की तारीफों को पुल बांधते हुए भूल भुलैया 2 प्रोड्यूसर भूषण कुमार ने कहा कि कार्तिक ने इस फिल्म में अपनी फीस से ऊपर फिल्म को रखा और इसलिए ये फिल्म इतनी अच्छी बन पाई है। भूषण कुमार ने बताया कि उनकी आने वाली फिल्म शहज़ादा भी बजट के कारण मुश्किलों में पड़ गई थी और कार्तिक ने तब भी फिल्म को अपनी फीस से ऊपर रखा और फीस उस हिसाब से कर दी जिससे कि फिल्म की टीम को बहुत मदद मिली।

सिद्धांत कपूर गिरफ्तार
शक्ति कपूर के बेटे, श्रद्धा कपूर के भाई सिद्धांत कपूर, बेंगलुरू की एक रेव पार्टी से ड्रग्स लेते हुए गिरफ्तार हुए। शक्ति कपूर ने रिएक्शन देते हुए कहा कि ऐसा हो ही नहीं सकता। हालांकि, सिद्धांत को तुरंत ज़मानत मिल गई। उन्होंने पूछताछ में सहयोग किया और बताया कि किसी ने उनकी ड्रिंक में ड्रग्स मिला दिए थे और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी।


Click it and Unblock the Notifications











