Recap: सलमान खान को लगते लगते बची गोली, महिमा चौधरी को कैंसर - जानिए हफ्ते भर बॉलीवुड में क्या क्या हुआ
बॉलीवुड में पूरे हफ्ते क्या क्या हुआ ये हम आपको फटाफट दो मिनटों में बता देते हैं। अगर फिल्मों की बात करें तो इस हफ्ते रिलीज़ हुई नुशरत भरूचा की फिल्म जनहित में जारी। इस फिल्म की चर्चा हर जगह रही। फिल्म कंडोम पर खुलकर बात करती है और चूंकि ये बात फिल्म की मुख्य किरदार नुशरत कर रही हैं, इसलिए फिल्म काफी लाइमलाइट में रही।
इसके अलावा, अयान मुखर्जी की फिल्म ब्रह्मास्त्र भी काफी सुर्खियों में रही। अक्षय कुमार की सम्राट पृथ्वीराज को दर्शक ना मिलने की वजह से फिल्म से शो कैंसिल हुए तो दूसरी तरफ, पिछले वीकेंड हुए आईफा अवार्ड्स की तस्वीरें, वीडियो और किस्से, पूरे हफ्ते फैन्स को सुनने मिले।

इनमें सलमान खान के किस्से मुख्य थे कि कैसे उन्हें सुनील शेट्टी ने पैसों से मदद की और बोनी कपूर ने फिल्मों से। इसके अलावा, फैन्स सिंगर केके को उनके निधन के बाद ट्रिब्यूट देते दिखते रहे वहीं दूसरी तरफ सलमान खान और उनके पिता सलीम खान, सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद जान से मारने की धमकी मिलने की वजह से चर्चा में रहे तो महिमा चौधरी अपनी हिम्मत की कहानी के साथ। फटाफट नज़र डाल लीजिए इस हफ्ते, बॉलीवुड में क्या क्या हुआ

सलमान खान को जान का खतरा
इस हफ्ते की शुरूआत हुई सलमान खान के पिता सलीम खान को एक धमकी भरे खत के मिलने से। इस खत पर लिखा था कि तुम्हारा और सलमान खान का भी मूसेवाला कर देंगे। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सलमान खान के घर की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई और मुंबई पुलिस में हलचल मच गई। इसके बाद खुलासा हुआ कि 2021 में बिश्नोई गैंग के सदस्य लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को मारने के लिए एक आदमी को सुपारी दी थी। लेकिन सलमान खान इसलिए बच गए क्योंकि उस शूटर की पिस्तौल काम नहीं की।

महिमा चौधरी को कैंसर
अनुपम खेर ने अपने एक Vlog में दर्शकों को महिमा चौधरी से मिलवाया और इस वीडियो में खुलासा किया कि महिमा पिछले कुछ महीनों से कैंसर से जूझ रही थीं और इसका ईलाज करवा रही थीं। अपनी बीमारी के बारे में बात करते हुए महिमा चौधरी इस वीडियो में भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि सारे बाल चले जाने के बाद उनके अंदर कॉन्फिडेंस नहीं बचा था लेकिन अनुपम खेर ने उन्हें फिल्म ऑफर की। महिमा चौधरी अब पूरी तरह से ठीक हैं और वो सेट पर अपनी वापसी भी कर चुकी हैं। महिमा चौधरी, अनुपम खेर की फिल्म द सिग्नेचर के साथ अपना कमबैक करेंगी।

अंबानी परिवार की एक और पार्टी
अंबानी परिवार की छोटी बहू राधिका मर्चेंट एक भरतनाट्यम नर्तकी हैं और उनकी शिक्षा पूरी होने के बाद अरंगेत्रम नाम की एक सेरेमनी रखी गई जिसमें पूरा बॉलीवुड पहुंचा। सलमान खान से लेकर रणवीर सिंह तक हर बड़ा नाम राधिका मर्चेंट का ये परफॉर्मेंस देखने पहुंचा। इस फंक्शन की तस्वीरें, इंटरनेट पर काफी वायरल रहीं।

कोरोना पॉज़िटिव स्टार्स
बॉलीवुड में एक के बाद एक स्टार्स के कोरोना पॉज़िटिव होने की भी खबर आई। कैटरीना कैफ, कार्तिक आर्यन, शाहरूख खान और आदित्य रॉय कपूर, कोरोना की चपेट में आ गए। हालांकि, ये सभी स्टार्स क्वारंटीन पूरा करने के बाद अपनी अपनी फिल्मों के काम में लगे भी दिखाई दिए। जहां शाहरूख खान, अपनी अगली फिल्म डंकी की शूटिंग में व्यस्त हो गए वहीं आदित्य रॉय कपूर, अपनी आने वाली फिल्म ओम के ट्रेलर लॉन्च में।

ब्रह्मास्त्र फर्स्ट लुक पोस्टर
ब्रह्मास्त्र की टीम, फिल्म के प्रमोशन में जुट चुकी है। अब फिल्म से इसके किरदारों के अलग अलग पोस्टर जारी हो रहे हैं। इस क्रम में फिल्म के सबसे सीनियर स्टार्स अमिताभ बच्चन और नागार्जुन के पोस्टर जारी कर दिए गए हैं और फिल्म में उनके पास कौन कौन से अस्त्र हैं, इस पर भी जानकारी दी गई। रणबीर कपूर ने भी एक इंटरव्यू में बताया कि ब्रह्मास्त्र एक तरह से भारतीय सिनेमा की अपनी मार्वेल होगी।

ओरमैक्स की लिस्ट में अक्षय कुमार
ओरमैक्स ने अपनी एक Pan India लिस्ट जारी की जिसमें इस वक्त भारत के सबसे ज़्यादा चर्चित 10 एक्टर्स की लिस्ट जारी की गई। इस लिस्ट में हिंदी सिनेमा के इकलौते एक्टर थे अक्षय कुमार जिन्हें पांचवा स्थान मिला। लिस्ट में पहला स्थान था एक्टर विजय का वहीं दूसरा स्थान मिला जूनियर एनटीआर को और तीसरे नंबर पर रहे प्रभास। इस लिस्ट में अल्लू अर्जुन, अजीत, यश, राम चरण तेजा, सूर्या और महेश बाबू ने भी अपनी जगह बनाई।

पूजा हेगड़े के साथ दुर्व्यवहार
इंडिगो एयरलाईन्स ने एक्ट्रेस पूजा हेगड़े के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया और अभिनेत्री ने इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया पर दी। पूजा ने एक ट्वीट करते हुए लिखा कि इंडिगो का स्टाफ अहंकारी और अज्ञानी है। पूजा ने साथ ही लिखा कि इस एयरलाइन्स से सफर करने का उनका अनुभव भयावह था। हालांकि, पूजा की शिकायत पर इंडिगो की टीम ने तुरंत उनसे संपर्क किया।


Click it and Unblock the Notifications











