वेबदुनिया को नोकिया पुरस्कार

भारत की अग्रणी सॉफ्टवेयर कंपनी और बीबीसी हिंदी डॉट कॉम की पार्टनर वेबसाइट वेबदुनिया डॉट कॉम की विकसित की हुई मोबाइल एप्लिकेशन ‘ग्रीन प्लाजा’ को लंदन में संपन्न नोकिया डेवलपर समिट में ईको/बीइंग ग्रीन श्रेणी में पुरस्कृत किया गया.
वेबदुनिया की ओर से कंपनी के प्रेसिडेंट तथा मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) पंकज जैन ने यह पुरस्कार ग्रहण किया.
वेबदुनिया को यह पुरस्कार नोकिया के ‘2010 कॉलिंग ऑल इनोवेटर्स अवॉर्ड’ में मिला जो कि इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (आईसीसी), लंदन में आयोजित हुआ.
वेबदुनिया को इस श्रेणी में तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है. गौरतलब है कि ‘ग्रीन प्लाजा’ एप्लिकेशन पर्यावरण को हरा-भरा बनाने की दिशा में एक कदम है जो विश्व के लोगों को पर्यावरण की रक्षा करने (गो ग्रीन) का संदेश देती है.
पंकज जैन ने पुरस्कार वितरण समारोह के अवसर पर कहा कि ‘ग्रीन प्लाजा’ को सभी आयु वर्ग के लोगों के बीच पर्यावरण की रक्षा के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है.
उन्होंने कहा, "वेबदुनिया ऐसे मोबाइल एप्लिकेशन बनाती है जो लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में कुछ नयापन लाते हैं. हम विभिन्न प्लेटफार्म्स के जरिए मनोरंजन और समाचारों की श्रेणी में नए-नए एप्लिकेशंस विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं".
वेबदुनिया की वरिष्ठ प्रबंधक (तकनीकी) बबीता जैन ने कहा, "हमें प्रसन्नता है कि नोकिया जैसी विश्व की अग्रणी कंपनी द्वारा इस श्रेणी में हमें यह पुरस्कार हासिल हुआ है. यह एप्लीकेशन आज के जमाने की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई है जिसके माध्यम से उपयोगकर्ता अपने मोबाइल फोन की ऊर्जा संबंधी जरूरतों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है".


Click it and Unblock the Notifications