अब हम पूरे फिल्मी परिवार हैं : कुणाल राय कपूर
बॉलीवुड अभिनेता एवं निर्देशक कुणाल राय कपूर कहते हैं कि उनकी कोई फिल्मी पारिवारिक पृष्ठभूमि नहीं है, लेकिन आज उनका परिवार एक फिल्मी परिवार है। उनके बड़े भाई सिद्धार्थ राय कपूर फिल्म निर्माता हैं, उनके छोटे भाई आदित्य राय कपूर वीडियो जॉकी और फिल्म अभिनेता हैं।
तीनों भाइयों ने अलग-अलग क्षेत्र से फिल्म जगत में कदम रखा, बड़े भाई सिद्धार्थ फिल्म निर्माण कंपनी डिज्नी यूटीवी के प्रबंध निदेशक हैं और छोटे भाई आदित्य ने अभिनेता के रूप में बॉलीवुड में कदम रखा है, वह हालिया प्रदर्शित फिल्म 'आशिकी 2' में नजर आए थे।
कुणाल ने आईएएनएस को एक साक्षात्कार में बताया, "मैं अपने परिवार को फिल्मी परिवार नहीं कहूंगा। हमने अलग-अलग रास्तों से चलकर सिनेमा जगत में कदम रखा। सिद्धार्थ ने औद्योगिक क्षेत्र से फिल्म में प्रवेश किया, मैं थिएटर की दुनिया से आया और आदित्य वीडियो जॉकी से अभिनेता बना, जबकि हमने किसी फिल्मी परिवार में जन्म नहीं लिया।"
कुणाल 'डेल्ही बेली' और 'नौटंकी साला' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने बताया, "हमारे दादाजी फिल्मकार बनने का सपना लेकर मुंबई आए थे। उन्होंने कुछ फिल्में भी बनाईं, लेकिन सफल नहीं रहे। तो हम पहले से कोई फिल्मी परिवार नहीं रहे। मेरे पिता आर्मी में थे और मां नृत्य शिक्षिका थीं। अब आश्चर्यजनक रूप से हम एक फिल्मी परिवार बन चुके हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications












