सरकार ने हाईकोर्ट से कहा- विश्वरूपम आयी तो होंगे दंगे
चेन्नई। कमल हसन की फिल्म विश्वरूपम की रिलीज पर हुई सुनवाई के दौरान तमिलनाडु सरकार ने मद्रास हाईकोर्ट से कहा है कि अगर यह फिल्म रिलीज हुई तो देश भर में दंगे हो जायेंगे और इससे पब्लिक प्रॉपर्टी को भारी नुकसान पहुंचेगा। लिहाजा फिल्म रिलीज नहीं होनी चाहिये।
जस्टिस के वेंकटारमन की बेंच में हुई सुनवाई के दौरान एडवोकेट जनरल ए नावानीकृष्णन ने सरकार की ओर से कहा कि फिल्म को सेंसर बोर्ड से सभी मानकों के आधार पर सर्टिफिकेट नहीं मिला है। इसे सेंसर सर्टिफिकेट देने में भारी घोटाला हुआ है और इसके लिये विशेष कमेटी बनाकर जांच करानी चाहिये।
इस पर कमल हसन के वकील पीएस रमण ने बताया कि इस फिल्म पर कमल ने अपने जीवन की जमा पूंजी लगा दी है और इस फिल्म की रिलीज में देरी हुई तो उन्हें भारी नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने दावा किया कि फिल्म में कहीं भी किसी भी विशेष धर्म के लोगों को आहत करने के प्रयास नहीं किये गये हैं।
गौरतलब है कि फिल्म को तमिलनाडु में 31 जिलों में रिलीज करने की पूरी तैयारी की जा चुकी थी, लेकिन ऐन मौके पर सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया। सिनेमा हॉल के मालिकों का भी यही कहना है कि उन्हें डर है कि कहीं फिल्म के दौरान हॉल के अंदर हिंसा नहीं हो जाये।


Click it and Unblock the Notifications












