रेखा के साथ एलबम निकालना चाहते हैं विशाल
बॉलीवुड फिल्म निर्माता और संगीतकार विशाल भारद्वाज ने कहा है कि वह काफी समय से अपनी पत्नी और गायिका रेखा भारद्वाज के साथ एक एलबम निकालना चाहते हैं लेकिन दूसरे कामों की व्यस्तताओं की वजह से अब तक यह मौका नहीं मिल पाया है। उन्हें उम्मीद है कि अगले साल तक वह रेखा के साथ अपना संगीत एलबम जारी कर पाएंगे।
रेखा ने बॉलीवुड की फिल्मों में 'नमक', 'चिंगारी', 'फिर ले आया दिल' और 'मस्त कलंदर' जैसे गानों को अपनी आवाज दी है। उन्होंने विशाल की फिल्मों में भी कई दफा गीत गाए हैं।
विशाल ने आईएएएनएस को बताया, "हम पिछले तीन-चार सालों से एक एलबम पर काम कर रहे हैं, लेकिन फिल्मों में मेरी अत्यधिक व्यस्तता के कारण काम अब तब पूरा नहीं हो पाया है। अब अगले साल तक मुझे उम्मीद है कि हम एलबम जारी कर सकेंगे।"

फिलहाल विशाल अपनी आने वाली फिल्म 'एक थी डायन' के प्रचार कार्यक्रम में व्यस्त हैं। फिल्म में कोंकणा सेन शर्मा, कल्कि कोचलिन, हुमा कुरैशी और इमरान हाशमी ने मुख्य भूमिका निभाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications