विशाल मिसफिट तो मटरू हिट..
खबर आयी है कि फिल्म 'मटरू की बिजली का मन्डोला' के निर्माता-निर्देशक विशाल भारद्वाज फिल्म के प्रमोशन के दौरान चोटिल हो गये हैं। जिसके कारण विशाल के चाहने वाले काफी परेशान हैं तो वहीं सिनेप्रेमियों ने विशाल को खुश करने के लिए मजेदार ट्विट किये हैं।
बैंगलोर की रंजना झा और अमृत चतुर्वेदी ने ट्विटर पर लिखा है कि विशाल मिसफिट तो मटरू हिट.. यानी कि हम ऊपर वाले से दुआ करते हैं कि विशाल आप जल्दी से ठीक हो जायें लेकिन हम आपको एक बात बता देते हैं कि जिस फिल्म के साथ दुर्घटनाएं जुड़ी होती हैं वो फिल्म जबरदस्त हिट होती है। चाहे अमिताभ बच्चन की फिल्म 'कुली' हो, रितिक रोशन की 'अग्निपथ' हो या शाहरूख खान की 'जब तक है जान' सभी मेगाहिट फिल्में हैं इसलिए हम दावे के साथ कह सकते हैं कि अब तो आपकी फिल्म 'मटरू की बिजली का मन्डोला' सुपरडुपर हिट होगी।
गौरतलब है कि गुड़गांव के एक फैशन शो में अपनी फिल्म का प्रचार करने पहुंचे फिल्मकार विशाल भारद्वाज अचानक से स्टेज पर गिर गये हालांकि उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें तो नहीं आयी लेकिन उन्हें चेहरे पर पांच स्टिचें लगी हैं। डॉक्टरों का कहना है कि चोट गंभीर नहीं हैं लेकिन विशाल को आराम की जरूरत है।

आपको बता दें कि फिल्म 'मटरू की बिजली का मन्डोला' में पंकज कपूर, शबाना आजमी, आर्य बब्बर और एक गुलाबो भैंस भी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म 11 जनवरी को रिलीज हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications











