'मेरे बच्चे भी मुझे गंभीरता से नहीं लेते'

विनय पाठक फ़िल्म ऊट पटांग के बाकी कलाकारों के साथ.
अभिनेता विनय पाठक ने अपने करियर में ज़्यादातर हास्य भूमिकाएं ही की हैं. उनकी फ़िल्मी छवि उन पर इतनी हावी हो गई कि असल ज़िंदगी में भी उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता.
ये बात ख़ुद विनय पाठक ने बताई. मुंबई में अपनी आने वाली फ़िल्म ऊट-पटांग के बारे में बात करते हुए विनय कहते हैं, "मुझे कोई गंभीरता से नहीं लेता. यहां तक कि मेरे बच्चे भी नहीं. जबकि मैं उन्हें पूरी गंभीरता से लेता हूं."
फ़िल्म ऊट-पटांग की बात करें तो इसमें विनय दोहरी भूमिका में नज़र आएंगे. वो कहते हैं, "मैं डबल रोल मिलने पर बहुत ख़ुश हूं. जब भी मौका मिले हमें डबल रोल निभाना चाहिए. फ़िल्मों में भी और असल ज़िंदगी में भी."
विनय मानते हैं कि वो पैसा वसूल कलाकार हैं. उनके मुताबिक, "मेरी पिछली फ़िल्मों जैसे भेजा फ़्राई, मिथ्या और खोसला का घोंसला ने तो मुझे पैसा-वसूल कलाकार ही साबित किया है. और मैं तो ये मानता हूं कि अगर निर्माता हमारी फ़िल्मों में पैसा लगा रहा है, तो इसका मतलब है कि उसे ऐसी अर्थपूर्ण फ़िल्मों में यक़ीन है. ऐसे में हमारा भी फ़र्ज़ बनता है कि हम उसके विश्वास को सही साबित करें."
विनय को विश्वास है कि 'ऊट-पटांग' भी उनकी पिछली फ़िल्मों की तरह कामयाब साबित होगी. वो कहते हैं कि कम बज़ट की फ़िल्में कथावस्तु में छोटी नहीं होतीं. इसी वजह से इन्हें दर्शकों का प्यार मिलता है.


Click it and Unblock the Notifications











